

-स्वागत समारोह
-समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह का हुआ भव्य स्वागत
बलिया : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष लखनऊ में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद गृह जनपद बलिया में आने पर पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह का जोरदार स्वागत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया। स्वागत समारोह से अभिभूत राम इकबाल सिंह ने कहा कि आधा जीवन तो भाजपा को दे दिया अब अंतिम सांस तक समाजवादी पार्टी में ही रहना है।


भाजपा छोड़ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जब नादौली बलिया बॉर्डर पर पहुंचे वहीं से उत्साहित समाजवादियों ने ढोल नगाड़ों के साथ गगनभेदी नारा लगाते हुए फूल मालाओं से अपने नेता को लाद दिया। पूरे रास्ते भर समाजवादियों का जोश चरम पर रहा। जगह जगह रोक कर अपने प्रिय नेता का स्वागत करने की होड़ सी मची रही। राम इकबाल सिंह का काफिला रसड़ा, चिलिकहर, फेफना होते हुए सागरपाली, माल्देपुर मोड़ होते हुए सपा कार्यालय पहुंचा। सपा कार्यालय पर सभी ने माला पहना स्वागत किया तो सभी की ओर से जिलाध्यक्ष ने स्वागत किया।समारोह को संबोधित करते हुए राम इकबाल सिंह ने कहा कि मैं जहाँ रहता हूं वही के बनकर रहता हूं। आज मैं समाजवादी पार्टी में हूं और पूर्णरूप से समाजवादी हूं। मैं विद्यार्थी जीवन से ही अपने लोगों के लिए जीता हूँ और मरता हूँ। मेरे सर पे आज जो लाल टोपी है वह संघर्ष की निशानी है समाज में समरसता की प्रतीक है। इस टोपी की कीमत वह क्या जाने जिसने कभी कोई संघर्ष किया ही नहीं जो किसी सामाजिक कार्य के लिए कभी जेल गया ही नही। कहा कि भाजपा में 15 दुकान है उस 15 मे से कब कौन नाराज हो जाय पता ही नहीं चलता।


समाजवादी पार्टी में आया हूँ तो राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी से भी कहा हूँ कि आप टिकट देंगें या नही देंगे अब पूरा जीवन समाजवादी पार्टी में ही बिताऊंगा। इसीलिए आज इस शुभ मौके पर अपनी पत्नी डॉ. प्रतिभा सिंह को भी साथ लाया । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जो सम्मान दिया वह किसी भी पार्टी में नहीं मिल सकता। राम इकबाल सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया। भाजपा छोड़ सपा में आने की वजह भी बताई। सपा कार्यालय पर स्वागत समारोह में मो. रिजवी, अकमल नईम खां मुन्ना, लक्ष्मण गुप्ता, संजय उपाध्याय, सुशील पाण्डेय “कान्हजी”, डॉ. विश्राम यादव, यशपाल सिंह, चंद्रशेखर सिंह,डॉ. मदन राय, कौशल सिंह अधिवक्ता, विनोद तिवारी, अजय यादव, रोहित चौबे, धनञ्जय सिंह विसेन, राणा कुणाल, सुनील पिंटू, जमाल आलम, जुबेर सोनू आदि मौजूद थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव और संचालन राजन कन्नोजिया ने किया।

