Advertisement
7489697916 for Ad Booking
बलिया राजनीति

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने विधायक व उम्मीदवार संजय के लिए मांगा वोट

-विधानसभा चुनाव प्रचार
-सपा बसपा पर तेवर रहा हमलावर, लोगों से किया भावनात्मक जुड़ाव

बलिया : भाजपा के स्टार प्रचारकों में शुमार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को भाजपा विधायक व उम्मीदवार संजय यादव के लिए वोट मांगा। मुख्यमंत्री चौहान ने लोगों से भावनात्मक जुड़ाव भी कायम किया वहीं सपा और बसपा पर हमलावर भी दिखे। उन्होंने विधायक उम्मीदवार संजय यादव को जिताने की अपील की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को क्षेत्र के खिला के भवानी मंदिर प्रांगण में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा की। शुरू से सपा व बसपा पर हमलावर रहे शिवराज ने लोंगों से भावनात्मक सम्बन्ध भी जोड़ा। कहा कि मेरे भांजे भांजिये यहां की भवानी माई यदि सद्गति देने वाली हैं तो गरीबों का कल्याण मोदी और योगी के हाथों में ही सुरक्षित है। कहा कि कोविड काल के दौरान मोदी सरकार ने जो सहयोग दिया वह कांग्रेस, सपा व बसपा के बश का नहीं था। अखिलेश बबुआ पहले क्या बोलते थे? टीका मत लगवाना, मोदी जहर दे रहे हैं।

पर दिन में विरोध करने वाले अखिलेश रात में वैक्सीन लगवाते है। अखिलेश जी आपको प्रचार के लायक मोदी ने ही बनाया है। कहा की महामारी के दौरान जब रोजी रोटी का संकट पैदा हुआ तो पीएम गरीब कल्याण योजना से अनाज देकर गरीबों को बचाने का काम मोदी और योगी सरकार ने किया है। यदि अखिलेश होते तो राशन रास्ते में ही खा जाते। सपा के शासन में गरीबों का खून चूस कर खिलखिलाने वाले माफिया व गुंडे आज बिलबिला रहे हैं। जेल से बाहर आने से डरने लगे हैं।
राम के साथ रामराज्य का ही प्रभाव है कि आज बबुआ भी राम राम भज रहे। राहुल बाबा त्रिपुंड लगा रहे हैं तो प्रियंका गंगा स्नान कर रही हैं। तंज करते हुए कहा कि भाजपा जीतेगी बम्पर, बबुआ तेरी साइकिल होगी पंचर। इनके भुलावे में मत आना। राम, कृष्ण और बाबा विश्वनाथ की भूमि को तबाह करने वाले आज चुनाव में रंग बदल दिए हैं। ये तो वही बात है-“हमारे बलमा बेईमान, हमें पटियाने आए हैं।” कहा कि देश व प्रदेश का उद्धार व देश के कल्याण के लिए ही मोदी और योगी धरती पर आए हैं। सपा बसपा एक दूसरे दूसरे स्थान के लिए लड़ रहे हैं। सपाई ही दंगाई है और दंगाई ही सपाई हैं। जिसको साथ लिया उसका सत्यानाश किया है अखिलेश ने।

राहुल गांधी व बुआ इसका प्रमाण है। अब जयंत को पकड़ लिया। दोनों का बंटाधार होना तय है। कहा कि सपा की सभा मे पाकिस्तान का नारे लग रहे हैं। यह क्या इंगित कर रहा है। कहा कि सबका मान, सबका सम्मान करने का काम करने वाले संजय यादव को जिताकर विधायक बनाये। अन्यथा एक बार फिर सपा और बसपा इत्र की खुशबू की जगह उन्माद की दुर्गंध फैला देंगे। कहा कि सपा को वोट देना देश के साथ गद्दारी है। समृद्धशाली राष्ट्र के निर्माण के लिए भाजपा को लाना जरूरी है। माफियाओं को ठिकाने लगाने के लिए बाबा बहुत जरूरी है। अंत मे चौहानों में जोश भरते हुए कहा कि- “चार बांस चौबीस गज अंगुल अष्ट प्रमाण, ता ऊपर सुल्तान है मत चूको चौहान।” इस मौके पर विधायक संजय यादव, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, नगर पंचायत चेयरमैन रविन्द्र वर्मा, सीपी सिंह, संजय जायसवाल, ब्लाक प्रमुख केशव चौधरी, अरविंद राय, गणेश सोनी, मनीष सिंह, डॉ डीएन सिंह, जवाहर सिंह, धनन्जय तिवारी, हुकुम सिंह, मैनेजर चौहान, विश्वजीत शर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन प्रयाग चौहान ने किया।

Advertisement

7489697916 for Ad Booking