
-शिष्ट राजनीति
-बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से रामगोविन्द चौधरी को ही हरा विधायक बनीं थीं केतकी सिंह

शशिकांत ओझा
बलिया : वर्तमान राजनीति में ऐसा अब शायद ही देखने को मिल रहा है कि एक दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एक के अस्वस्थ होने पर उसके घर जाकर उसका हालचाल ले। पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी के लखनऊ आवास पर पहुंच भाजपा विधायक केतकी सिंह ने इसी तरह की शिष्ट राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी का पैर में पिछले दिनों एक राजनीतिक कार्यक्रम में ही सहभागिता के दौरान चुटहिल हो गया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी लखनऊ स्थित आवास पर इन दिनों स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। भाजपा विधायक केतकी सिंह को इसकी जानकारी हुई तो लखनऊ पहुंचते ही वह सीधे रामगोविन्द चौधरी के आवास पर पहुंची और उनका कुशलक्षेम पूछा। दोनों को देख लगा ही नहीं रहा था कि विधानसभा चुनाव 2022 में दोनों एक दूसरे के विरुद्ध चुनाव लड़ें थे और भगवान ने चाहा तो विधानसभा चुनाव 2027 भी एक दूसरे के विरुद्ध ही लड़ेंगे। शिष्ट राजनीति का एक नायाब उदाहरण भाजपा विधायक केतकी सिंह ने प्रस्तुत किया।

मंत्री ओमप्रकाश राजभर से भी अस्पताल में मिल लिया हालचाल
भाजपा विधायक केतकी सिंह ने अपने दलीय सहयोगी और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर से भी अस्पताल में जाकर मुलाकात की और उनकी कुशलता जानी। मंत्री दानिश आजाद अंसारी भी इस दौरान साथ थे। मंत्री ओमप्रकाश राजभर की भी तबीयत बिगड़ी है और उनका इलाज राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा है।




