
-आस्था का महापर्व डाला छठ
-नजदीक की नदी और पोखरे पर परिवार संग पहुंची व्रतीमहिलाएं

शशिकांत ओझा
बलिया : आस्था के महापर्व डाला छठ पूजा में पहला अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य सोमवार को डूबते हुए सूर्य को दिया गया। व्रती महिलाएं अपने परिवार संग नजदीक के नदी और पोखरा घाट जाकर विधि विधान से पूजा किया और अस्त होते भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।

नहाय खाय, खरना के बाद सोमवार को पहला अर्घ्य दिया जाना था। शाम होते ही व्रती महिलाएं अपने परिवार संग छठ घाट रवाना हुई। रवानगी के समय चारों ओर कांच ही बांस के बहंगिया बंगही लचकती जाए…आदि गीतों से माहौल गूंज उठा। छठ घाट पर आस्था के साथ पूजा अर्चना करने के बाद महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अस्ताचलगामी अर्घ्य दिया। फिर सभी लोग अपने अपने आवास लौट आए। सुबह उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पर्व पूर्ण होगा।

आस्था के महापर्व छठ की छटा से नहाया चितबड़ागांव
नगर पंचायत चितबड़ागांव में छठ महापर्व की धार्मिक आस्था और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। सोमवार को नगर पंचायत क्षेत्र के टोंस नदी स्थित शास्त्री नगर घाट, महावीर घाट, बरैया पोखरा, गुदरी पोखरा और रामशाला परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर छठ मईया की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। सभी स्थानों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर छठ मईया की प्रतिमाओं का मुख उद्घाटन किया।

डीएम एसपी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण
लोक आस्था के छठ महापर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने थाना कोतवाली के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापर्व को शांति पूर्वक सम्पन्न कराये जाने हेतु ड्युटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदु पर निरीक्षण में फोकस रखा।




