
-प्रतिभा को सम्मान
-श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा में अध्यापक हैं करिश्मा
-नई दिल्ली में आगामी छह फरवरी को मिलेगा अवार्ड, मिला आमंत्रण पत्र
-चार वर्ष की सेवा में इतना बड़ा सम्मान पाने वाली शायद हैं पहली महिला शिक्षक

शशिकांत ओझा
अभी तो परिंदे शुमार करना है, फिर बताएंगे किसका शिकार करना है।
तुम्हें गुरूर है ऐ दरिया अपनी बेकश लहरों पर, हमें भी जिद है कि दरिया को पार करना है।
किसी महान कवि की लिखी इन पंक्तियों को आधी आबादी का प्रतिनिधित्व कर रही श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा की व्यायाम शिक्षक करिश्मा वार्ष्णेय ने चरितार्थ कर दिया है। महज चार साल की सेवा में उन्हें फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन आफ इंडिया ने बेस्ट फिजिकल एजुकेशन टीचर अवार्ड देने का निर्णय किया है। यह सम्मान करिश्मा वार्ष्णेय को आगामी छह फरवरी को नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।


युवा मामले एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) की पंजीकृत संस्था फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन संगठन) ने श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा बलिया को “8वें पीडीएफआई राष्ट्रीय पुरस्कार 2026” के लिए चुना है। करिश्मा वार्ष्णेय को “डॉ. जीपी गौतम” (सर्वश्रेष्ठ शारीरिक शिक्षा शिक्षक पुरस्कार केंद्रीय क्षेत्र) प्रदान किया जाएगा। मूल रूप से प्रयागराज की निवासी करिश्मा वार्ष्णेय की माध्यमिक शिक्षा परिषद के तहत बलिया के श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा में व्यायाम शिक्षक के रुप में तैनाती मिली। सेवा के पहले साल से ही करिश्मा वार्ष्णेय ने विद्यालय की कक्षाओं में बच्चों को पढ़ाने के साथ साथ खेल के मैदान में अपना हुनर उतारना शुरू किया।


ग्रामीण क्षेत्र के बालक बालिका धीरे-धीरे निखरने लगे। श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा के छात्रों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतियोगिताओं में जनपद, मंडल, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज की। करिश्मा वार्ष्णेय को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की अंडर -19 महिला क्रिकेट टीम का कोच बनाया गया और उसने दो बार यूपी को विजेता और उपविजेता बनाते हुए कीर्तिमान स्थापित किया। करिश्मा वार्ष्णेय को महिला दिवस पर यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आमंत्रित कर सम्मानित भी किया। देश स्तर की संस्था से सम्मान मिलने पर जनपद के सभी शिक्षकों, छात्रों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। सभी करिश्मा वार्ष्णेय को शुभकामनाएं दे रहे हैं। करिश्मा वार्ष्णेय को सम्मान मिलने से जिले का भी सम्मान बढ़ा है।





