Advertisement
7489697916 for Ad Booking
अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

तहसील बांसडीह में जनता की समस्याओं से सीधे रूबरू हुए जिलाधिकारी 

-संपूर्ण समाधान दिवस

-अधिकारियों को जिलाधिकारी का निर्देश, जन समस्याओं को गंभीरतापूर्वक करें निस्तारण

 शशिकांत ओझा

बलिया :  सरकार की मंशानुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु जनपद के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने तहसील बांसडीह में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आए लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर राजस्व, पुलिस, खाद्य एवं रसद , चकबंदी से संबंधित, विकास , विद्युत, समाज कल्याण, कृषि, मार्केटिंग एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के कुल 66 मामले आए, जिसमें से आठ मामलों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने समय सीमा के अंदर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद संबंधी मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण सत्यापन कर मामले को निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली अक्षम्य होगी। अधिकारी जन समस्याओं को गंभीरतापूर्वक लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता से न्यायोचित समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस और राजस्व से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें, ताकि लोगों को यहां-वहां भटकना न पड़े। उन्होंने कड़े तेवर में चेतावनी दी कि संवेदनहीन और लापरवाह अधिकारियों को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एस आनंद, समाज कल्याण अधिकारी विनोद कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी रामजतन यादव, कृषि उपनिदेशक मनीष कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह, परियोजना निदेशक उमेश मणि त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी राजेश गुप्ता सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

जिलाधिकारी ने किया राजकीय धान क्रय केंद्र का निरीक्षण

बलिया : जिलाधिकारी रविंद्र कुमार शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के बाद राजकीय धान क्रय केंद्र, बांसडीह का निरीक्षण किया और वहां अभी तक कितना धान क्रय हुआ, प्रतिदिन कितने किसान आते हैं, धान में नमी का प्रतिशत आदि के बारे में जानकारी ली और एक किसान से बातचीत कर वहां संचालित व्यवस्था के बारे पूछा।

धान क्रय केंद्र के अधिकारी ने बताया कि अभी तक 2473 कुंतल धान क्रय किया गया है। प्रतिदिन 25-30 किसान धान बेचने के लिए आते हैं। धान क्रय का लक्ष्य 20000 कुंतल का है। जिलाधिकारी ने धान क्रय में प्रगति लाने के निर्देश दिए और मौके पर मशीन के द्वारा धान की नमी को चेक करवाया तो पाया कि धान में 14 प्रतिशत नमी है। उन्होंने एक किसान से धान के माप तौल तथा किसी अन्य शिकायत के बारे पूछा तो उसने बताया कि धान क्रय संबंधित सारी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही है उसने किसी प्रकार की शिकायत से इंकार किया और कहा कि मैं 115 पॉकेट धान बेचने लाया हूं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बांसडीह राजेश गुप्ता मौजूद थे।

Advertisement

7489697916 for Ad Booking