
-पूर्व प्रधानमंत्री जयंती
-भारत रत्न की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर भाजपा कार्यालय परिसर में आयोजित हुई एक प्रदर्शनी
-राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने किया शुभारंभ

शशिकांत ओझा
बलिया : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती गुरुवार को बड़े ही भावपूर्वक अंदाज में देश भर में मनाई गई। सभी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को नमन करते हुए पुष्पांजलि की। भारत रत्न की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर भाजपा कार्यालय परिसर में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

शुभारंभ के बाद सभी अतिथियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद मस्त ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। कहा कि आज राष्ट्र ऋषि अटल बिहारी वाजपेई की जयंती है। मुझे गर्व है भाजपा कार्यकर्ता के नाते कि मैं अटल बिहारी वाजपेई के साथ दो बार सांसद रहा हूं। अटल जी संसद और संसद के बाहर मुझे अपना हनुमान कहते थे। अटल जी ने जो राजनीति में राष्ट्र धर्म का संदेश दिया वह हर भारत के नागरिक के लिए अनुकरणीय है। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी संगठन है और जब देश पर लोकतंत्र पर खतरा पैदा हुआ जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में जनता पार्टी के नेंतृत्व में सरकार बनी। कुछ विचारधारा के कारण जनसंघ को सरकार से अलग होना पड़ा। उसके बाद भाजपा का निर्माण हुआ और अटल जी के नेतृत्व में बीजेपी आगे बढी। बताया कि वाजपेयी न केवल देश के प्रधानमंत्री थे, बल्कि एक कुशल कवि और पत्रकार भी थे। उनकी कविताओं में राष्ट्रभक्ति, मानवीय संवेदना और सामाजिक चेतना की झलक मिलती है। जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में भी अटल जी अपनी लेखनी से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया। अटल जी ने देश को सशक्त नेतृत्व दिया। अटल जी के चित्र पर लगी प्रदर्शनी का सांसद नीरज शेखर, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा व पूर्व सांसद विरेन्द्र सिंह मस्त ने अवलोकन किया। इस मौके पर सुनिता श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहु, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह, विजय बहादुर सिंह, आलोक शुक्ला, कृष्णा पाण्डेय, जयप्रकाश जयसवाल आदि लोग उपस्थित रहे।





