

-पूर्व विधायक मैनेजर सिंह की जयंती
-हाफ मैराथन में पंकज व दस में प्रिंस राज मिश्र तथा पांच किमी दौड़ में सोनी रहे अव्वल
-मुख्य अतिथि खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव व परिवहन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

शशिकांत ओझा
बलिया : द्वाबा के मालवीय पूर्व विधायक मैनेजर सिंह की जयंती पर बुधवार को मैराथन का आयोजन हुआ। फुल मैराथन, हाफ मैराथन सहित 10 किमी और पांच किमी दौड़ की प्रतियोगिता हुई। वीर लोरिक स्टेडियम से प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद यादव और परिवहन मंत्री दयाशंकर मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर सभी धावकों को रवाना किया। फुल मैराथन में अफ्रीकी देश इथोपिया निवासी फिरोनिशा ने दो घंटा 8 मिनट में परचम लहरा पुरस्कार की राशि सवा दो लाख पर अपना कब्जा जमाया।

बाबू मैनेजर सिंह की जयंती पर आयोजित फुल मैराथन 42.195 किमी दौड़ में अफ्रीकी देश इथोपिया के निवासी फिरोनिशा ने प्रथम स्थान हासिल किया। फिरोनिशा ने कुल 2 घंटे 8 मिनट में दौड़ पूरा किया। इनके बाद पहुंचे मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार द्वितीय व दिल्ली के अमरेश प्रजापति ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा हाफ मैराथन 21 किमी में वाराणसी के पंकज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसमें अयोध्या के प्रिंसराज यादव द्वितीय व आगरा के मनीष सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दस किमी में प्रिंस राज मिश्र प्रथम वाराणसी के आशीष पाल तथा बलिया राकेश वर्मा ने द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। वही 5 किलोमीटर में वाराणसी की सोनी प्रथम व वाराणसी की ही लक्ष्मी चौहान द्वितीय तथा रूबी पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले फिरोनिशा को प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने 2.25 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया। इसमें दूसरे स्थान पर आए अक्षय कुमार को 1.25 लाख व अमरेश प्रजापति को 75 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


हाफ मैराथन में प्रथम विजेता को 65 हजार व द्वितीय को 45 हजार व तृतीय को 30 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। 10 किमी की दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 25 हजार द्वितीय को 15 हजार व तृतीय को 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। 5 किमी की दौड़ प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार 11 हजार व द्वितीय को 7 हजार तथा तृतीय को 5 हजार की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा सभी श्रेणियों में 50वें स्थान तक आए प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार राशि दी गई।


कार्यक्रम का शुभारंभ वीर लोरिक स्टेडियम से मंत्रीद्वय गिरीश चंद्र यादव व दयाशंकर सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन का समापन बैरिया स्थित बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा स्थल पर जाकर संपन्न हुआ। हाफ मैराथन हल्दी भरसौंता पेट्रोल पंप के पास संपन्न हुआ। 10 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता जनाड़ी तक तथा 5 किलोमीटर की कदम चौराहा पर संपन्न हुआ। सभी विजेताओं को पुरस्कार बैरिया सुदिष्टपुरी स्थित सुदिष्ट बाबा स्कूल पर प्रदान किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यह पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। यह प्रदेश का चौथा मैराथन है जो इतनी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। आने वाले वर्ष में इस आयोजन को और भी भव्य रूप प्रदान किया जाएगा। द्वाबा के मालवीय कहे जाने वाले बाबू मैनेजर सिंह की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। समापन समारोह में आयोजन समिति के लोगों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। सुदिष्टपूरी स्कूल के प्रबंधक मनु सिंह ने सभी अतिथियों का माला पहना कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अमिताभ उपाध्याय ने किया। मैराथन का सफल संचालन करने वाले एथलीट संगठन के पंकज सिंह को सम्मानित किया गया। आयोजन में निर्णायक की भूमिका में कई सदस्य बाहर से आए थे। मैराथन व अन्य दौड़ प्रतियोगिताओं में पूरे देश भर के अलग-अलग राज्यों से आए करीब एक हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। आयोजन में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह, जयप्रकाश साहू, विजय लक्ष्मी सिंह, टूनजी पाठक, पूर्व प्रमुख गुड्डू राय आदि मौजूद रहे।

मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर हुआ माल्यार्पण
बलिया : इस दौरान बैरिया तिराहे पर स्थित बाबू मैनेजर सिंह की प्रतिमा स्थल पर लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मंत्रीद्वय गिरीश चंद्र यादव व दयाशंकर सिंह ने उनकी प्रतिमा पर माला चढ़कर उन्हें नमन किया। इस दौरान द्वाबा क्षेत्र के लोगों ने बैरिया तिराहे पर अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।

सबसे कम उम्र और अधिक उम्र के धावक को अलग से 50-50 हजार
बलिया : मैराथन में सबसे अधिक उम्र के धावक चौरा कथरिया निवासी 70 वर्षीय चंद्र भान सिंह व 21 किमी तक दौड़ा बेलहरी निवासी कक्षा तीन के छात्र कार्तिक राजभर को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अलग से सम्मानित किया। मंत्री ने दोनों धावकों को 50-50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया।



