
-उपलब्धि जनपदीय छात्र खिलाड़ियों की
-जनपद के बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने अर्जित किया था दूसरा स्थान
-खो खो में भी जिले के खिलाड़ियों ने प्रदेश में बजाया था मेहनत का डंका
शशिकांत ओझा
बलिया : जनपदीय क्रीड़ा समिति की बैठक शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में जनपदीय क्रीड़ा समिति ने पिछले सत्र की उपलब्धियों को अपने मुखिया जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार गुप्ता और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह को सौंपा। बैठक में एक समय ऐसी भी स्थिति आयी की समिति के सदस्य विनोद कुमार सिंह (जिला व्यायाम शिक्षक) को जिला विद्यालय निरीक्षक ने फटकारते हुए बैठक से ही बाहर कर दिया।
बैठक में जनपदीय क्रीड़ा समिति के कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह और सचिव दिनेश प्रसाद ने अपने अध्यक्ष जिविनि और उपाध्यक्ष बीएसए को प्रदेश स्तरीय 68वीं प्रतियोगिता की उपलब्धियों को सौंपा। प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल बालक प्रतियोगिता कानपुर मे जनपद के खिलाड़ियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया था। अंडर -19 बालक, खो-खो प्रतियोगिता मे द्वितीय स्थान और अंडर -14 खो-खो प्रतियोगिता बालक मे तृतीय स्थान प्राप्त किया था । इसके अतिरिक्त जनपद के पांच खिलाडी मुख्यमंत्री खेल पुरस्कार से सम्मानित हुए जो आज़मगढ़ मण्डल के तीनो जनपदों मे सबसे ज्यादा हैं। उक्त पुरस्कार के लिए हनी सोनी कराटे मे गोल्ड मेडल दिये जिनको 75000 रूपये, कृष्णा सिंह एथलेटिक्स मे सिल्वर मेडल दिए जिनको 50000, यश कुमार बाक्सिंग मे सिल्वर मेडल दिये जिनको 50000, गोलू कुमार तथा आकाश साहनी खो – खो टीम गेम मे गोल्ड दिये जिनको 35000 -35000 हजार रूपये से सम्मानित किया गया। इसके अलावा दर्जनों खिलाडी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के प्रतिभागी बने थे। कोषाध्यक्ष व सचिव ने प्रतियोगिता में मिली ट्राफियां व अंगवस्त्रम अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को दिया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष आशुतोष सिंह, सचिव दिनेश प्रसाद, खेल के नोडल ओम प्रकाश यादव, प्रमोद श्रीवास्तव, रामआश्रय यादव सह जिला विधालय निरीक्षक, प्रेम प्रकाश राय, प्रवीण राय, करिश्मा वार्ष्णेय, अनुज कुमार सिंह के अलावा अन्य खेल अध्यापक उपस्थित रहे।