Advertisement
7489697916 for Ad Booking
अन्य उत्तर प्रदेश देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

लोकनायक के गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, दिया जिले को साढे तीन हजार करोड़ की सौगात

-बलिया में मुख्यमंत्री

-जयप्रकाशनगर में 20 बेड के अस्पताल का लोकार्पण और  50 बेड के अस्पताल का शिलान्यास

-कहा सरकार का है प्रयास कि दो नदियों के बीच होने के कारण था जो अभिशाप अब होगा वरदान

शशिकांत ओझा

Advertisement
7489697916 for Ad Booking

बलिया :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण के गांव सिताब दियारा (जयप्रकाशनगर) पहुंचे। मुख्यमंत्री ने द्वाबावासियों को.साढे तीन हजार करोड़ की लागत से 144 परियोजनाओं का तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने जयप्रकाशनगर में 20 बेड के कोविड अस्पताल का लोकार्पण व 50 बेड के फील्ड अस्पताल का शिलान्यास संग अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास और लोकार्पण किया। 

मुख्यमंत्री ने जयप्रकाशनगर स्थित प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 20 बेड के कोविड सेंटर का उद्घाटन किया। इसके अलावा 50 बेड के फील्ड अस्पताल का भी शिलान्यास किया। सीएम ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण करते हुए पवित्र हरिशंकर का पौधा भी लगाया। परिसर में स्थित तालाब के सम्बन्ध में निर्देश दिया कि इसको और बेहतर बनाया जाए, ताकि छठ पूजन आदि में भी इसका सदुपयोग हो सके।

आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जयप्रकाशनगर क्षेत्र के महान सन्त सेवादास, लोकनायक जयप्रकाशनारायण व पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की स्मृतियों को प्रणाम करते हुए कहा कि आज का दिन मेरे लिए इसलिए भी और महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज एक साथ कई कार्य सम्पन्न हो रहे हैं। आज अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनिया के तमाम देश भारत की ऋषि परम्परा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं और योग को अपना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र के महान संत सेवादास जी ने आज से 50 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में कार्य किया था, इसके लिए उनको नमन करता हूं। उनके द्वारा खोला गया उस समय का अस्पताल, जो आज खण्डहर का रूप हो चुका है, उसको बेहतर बनाया जाएगा। कहा कि उप सभापति हरिवंश के कहने पर आज उनके गांव आने का सौभाग्य मिला है। यह गांव दो नदियों के तट पर होने के कारण कभी अभिशाप माना जाता था। लेकिन हमारी सरकार के प्रयास से अब यह वरदान साबित होगा। गंगा नदी में जल मार्ग शुरू हो गया है, जिसका लाभ भी तटवर्ती लोगों को मिलेगा। नदी किनारे उत्पादित सब्जी, दाल आदि को जलमार्ग से देश-विदेश भेजने का कार्य होगा।

यहां रोजगार की अपार सम्भावनाएं पैदा होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयप्रकाशनगर स्थित विभिन्न विद्यालयों को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए जितनी धनराशि की आवश्यकता होगी, स्वीकृत की जाएगी। कहा कि एक महापुरुष पैदा होता है तो सदियों तक उससे लोग प्रेरणा लेते हैं। जब देश का लोकतंत्र खतरे में था तो गंगा व सरयू की प्रेरणा से जयप्रकाश जी ने आंदोलन के जरिए संजीवनी देने का काम किया था। चंद्रशेखर जी ने अपनी बेबाक भाषा के माध्यम से उसे नई दिशा दी थी। अब उनके विचारों को आगे ले जाने का काम हरिवंश जी कर रहे हैं। उप सभापति हरिवंश ने कहा कि गांधी जी के विकास का पैमाना समाज का अंतिम आदमी था। ठीक उसी तरह यह गांव जिले का सबसे अंतिम गांव है। यहां के लोगों की परेशानी मैंने नजदीक से देखी है। लेकिन आज खुशी है कि यहां बेहतर अस्पताल खुला है, जहां आधुनिक मशीनें हैं, जिसके जरिए बेहतर चिकित्सा सेवा यहां के लोगों को मिल सकेगी।

वह सेवा, जिसके लिए लोगों को दूर जाना पड़ता है। सबसे अच्छी बात कि यहां तीन जनपद बलिया, छपरा व आरा के लोगों को लाभ मिलेगा। यहां के स्कूल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सौजन्य से स्मार्ट क्लास की शुरुआत हुई है, जो कि इस सुदूर क्षेत्र के लिए नई बात है। जनसभा को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह,  राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, सलेमपुर सांसद रविन्द्र कुशवाहा, पूर्व सांसद भरत सिंह, क्षेत्रीय संगठन अध्यक्ष सहजानंद राय, लोकसभा क्षेत्र बलिया के प्रभारी विजय बहादुर दूबे, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी व आनंद स्वरूप शुक्ल, पूर्व विधायक संजय यादव, शिवशंकर चौहान, छट्ठू राम, देवेंद्र यादव आदि ने भी सम्बोधित किया। संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विजय बहादुर सिंह ने किया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश के घर भी पहुंचे और इस सुदूर इलाके के विकास पर चर्चा की। विकास खण्ड-मुरलीछपरा के ग्राम पंचायत कोड़हरा नौबरार में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं छह माह के बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए और बच्चों को खूब दुलार-प्यार किया।

Advertisement
7489697916 for Ad Booking