Advertisement
7489697916 for Ad Booking
अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

पूरे हिन्दुस्तान में राजनीति का कोई सबसे बड़ा गढ़ है तो वह है यूपी का बलिया

-बोले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

-भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं संग की बैठक

-प्रशासनिक व विकास से जुड़े अधिकारियों के साथ डिप्टी सीएम की बैठक

-विपक्ष और नीतीश कुमार पर करारा हमला बोलते हुए सूबे की 80 सीटों का दावा भी

-पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की नहीं सुनने के सवाल पर अधिकारियों को फटकार

शशिकांत ओझा

बलिया : प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को सूबे के आखिरी छोर के जनपद बलिया में थे। वरिष्ठ नेता की तरह मिशन 2024 को साधे तो उपमुख्यमंत्री की तरह विकास व प्रशासनिक सवाल पर भी पेंच टाइट किया। पार्टी कार्यकर्ताओं की नहीं सुनने के आरोप पर अधिकारियों को फटकार भी लगया। लोकसभा चुनाव 2024 में सूबे की सभी 80 सीटों को अपना बताया। कांग्रेस और नीतीश कुमार पर हमला भी बोल गए।

पुलिस लाइन के मैदान में डिप्टी सीएम का उड़न खटोला उतरा। वहां से वे सीधे भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं संग मीटिंग की। उसके बाद वे जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय परिसर गए और वहां का निर्माण कार्य देखा। फिर कलेक्ट्रेट सभागार आए और वहां प्रशासनिक औव विकास के अधिकारियों संग समीक्षा की। उसके बाद मीडिया से वार्ता करते हुए सरकार और पार्टी की खुबसूरती को विस्तार से बताया। उसके बाद डिप्टी सीएम लखनऊ के लिए उड़ान खटोले से रवाना हो गए।

भाजपा कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं संग की बैठक

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने  पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ता बैठक लिया। कहा की हमारी सरकार राष्ट्रहित, महिला सशक्तिकरण और गरीब मजदूर के हित में कार्य कर रही है। इसलिए 2024 में होने वाले आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पूरे 80 सीटों पर जीत हासिल करेगी। 

कहा की बलिया सहित 25 जिलों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने मुझे सौंपी है और यह पूर्वाचल का जिला है। इतना ही नहीं जो पूर्वांचल में जीत गया उसकी पूरे प्रदेश में जीत सुनिश्चित है। कार्यकर्ताओं से कहा की अगर आपकी कोई समस्या है तो आप उससे संबंधित जानकारी मुझे मुहैया कराए जो संभव होगा, सरकार इस मामले में उचित करवाई करेगी।

कहा की पूरे हिंदुस्तान में राजनीति का कोई सबसे बड़ा गढ़ है तो वह बलिया है। उन्होंने आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से फिडबैक‌ भी लिया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने श्री मौर्य को चांदी का मुकुट पहना कर स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। बैठक को मंत्री दयाशंकर सिंह, मंत्री दानिश आजाद अंशारी, विधायक केतकी सिंह, जयप्रकाश साहू ने संम्बोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने व संचालन प्रदीप सिंह ने किया। इस मौके पर इफको‌ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन वाल्मीकि त्रिपाठी, सहकारी बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दूबे, सुनिता श्रीवास्तव, देवेन्द्र यादव, विजय बहादुर सिंह, राजधारी सिंह, भगवान पाठक, शिवशंकर चौहान, बब्बन राजभर, नागेन्द्र पाण्डेय, बब्बन सिंह रघुवंशी, गोपाल सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक व विकास से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक

डिप्टी सीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक व विकास से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। विकास कार्याें की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवासों का पिछले पांच वर्ष में किये गये निर्माण की जानकारी ली। डिप्टी सीएम ने कहा कि योजना के लाभार्थियों की संख्या का प्रचार-प्रसार भी कराया जाए। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्य 13.50 लाख के सापेक्ष 5.72 लाख लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड बनाने पर नाराजगी व्यक्त की। सीएमओ व डीपीआरओ को अगले एक महीने में अभियान चलाकर शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा गोल्डेन कार्ड से उपचारित लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ाने के निर्देश डिप्टी सीएम ने दिये। जिला अस्पताल के अलावा सभी सीएचसी-पीएचसी पर चिकित्सकों व दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। बैठक में ‘मेरी माटी मेरा देश‘ एवं ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों से जुड़े समस्त विभागों को समय से सारी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये, ताकि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित हो सके। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति की शिकायत पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि अधीनस्थ कार्यरत कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और लापरवाह कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इस बात का ख्याल रखें कि उपभोक्ताओं को कोई दिक्कत न हो। ओवर बिलिंग की शिकायत नहीं मिले। खाद्यान्न वितरण के बारे में डीएसओ से पूरी जानकारी ली। नियमित रूप से खाद्यान्न वितरण एवं खाली यूनिट की जानकारी जनपद के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जनपद में तालाब, चारागाह, चकमार्ग, आदि जैसी सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतों पर डिप्टी सीएम श्री मौर्य ने कहा कि ऐसी भूमि का सर्वे कर अवैध अतिक्रमण हटवाया जाए। इस दौरान कमजोर एवं गरीब लोगों को विस्थापित करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के कार्याें की समीक्षा के दौरान उन्होेंने कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किये जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने एवं पाईपलाईन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल ठीक कराने के भी निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को गंगा नदी पर रिवर फ्रंट बनाने के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में शहर की बाढ से सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके। गो-आश्रय स्थलों में गोवंश संरक्षण की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सीवीओ को निर्देश दिया कि अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को गो-आश्रय स्थलों में सुरक्षित करें। बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा संज्ञान में लाई गई शिकायतों का नियमानुसार तत्काल निस्तारण सुनिश्चित कराएं। गोंड एवं खरवार जाति के लोगों का जाति प्रमाण पत्र नहीं बनाये जाने की बात संज्ञान में आने पर उन्होंने जिलाधिकारी को सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों में नवाचार को बढ़ावा दें। इस क्षेत्र में अच्छे कार्य करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। बैठक के बाद प्रेस प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को साझा किया। बैठक में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक केतकी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, डीएम रवीन्द्र कुमार, सीडीओ प्रवीण वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

आयुष्मान कार्ड व आवास स्वीकृति पत्र का किया वितरण

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने जनपद भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत के तीन लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड वितरित किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण दो लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा एक लाभार्थी को चाभी प्रदान किया। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के दो लाभार्थियों को भी चाभी प्रदान कर पक्के आवास की सौगात दी। स्वयं सहायता समूह की भी महिलाओं से मिलकर उनके द्वारा बनाये जा रहे उत्पाद के जरिए आर्थिक उन्नति करने पर उनकी सराहना की।

विवि परिसर निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण और पौधरोपण

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारी से निर्माण से जुड़ी पूरी जानकारी ली। कहा कि प्राप्त बजट के सापेक्ष भौतिक प्रगति में भी तेजी लाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापरक कार्य सरकार की प्राथमिकता में एक है, लिहाजा निर्माण की गुणवत्ता का हमेशा विशेष ख्याल रखें। जिलाधिकारी, सीडीओ के अलावा प्रशासनिक व विकास से जुड़े अधिकारियों को भी निर्माण पर हमेशा नजर बनाये रखने को कहा। निरीक्षण के बाद पौधरोपण भी किया। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान से जुड़ी जानकारी वन विभाग के अधिकारी से ली। कहा कि पौधे लगाने के साथ उन्हें बचाने के लिए लोगों को जागरूक करें। इस दौरान डिप्टी सीएम विश्वविद्यालय कार्यालय में भी गये और विश्वविद्यालय के विकास पर कुलपति प्रो संजीत कुमार गुप्ता से विस्तार से चर्चा की। कुलपति ने विवि परिसर में घुमाकर विवि की उपलब्धियों को बताया।

अधिकारियों को फटकार, सुने पदाधिकारियों की बात

पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक किया। जिसमें अधिकारीयों को फटकार लगाते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष से ले जिलाध्यक्ष तक का होना चाहिए सम्मान। कई अधिकारिंयों द्वारा कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनने पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए कई अधिकारियों की क्लास भी लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बूथ अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष तक की  समस्याओं पर अधिकारी तुरंत सुनवाई करे इतना ही नहीं उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी तरह की समस्या के संदर्भ में कोई भी  शिकायत लखनऊ तक नहीं आनी चाहिए । संगठन का हर कार्यकर्ता या पदाधिकारी राष्ट्र हित और समाज के गरीब, मजबूर और पीड़ित के लिए समर्पित है इसलिए उनकी समस्याओं की अनदेखी करना संबंधित अधिकारी के लिए ठीक नही होगा ।कहा जिला की समस्या जिला से ही खत्म होनी चाहिए।

कांग्रेस व नीतीश कुमार पर केशव ने किया जोरदार हमला

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों के समक्ष अपनी पार्टी की उपलब्धि बताते हुए विपक्ष के गठबंधन इंडिया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला।  कहा कि नीतीश कुमार चाहे फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ें या बिहार से, वो कहीं से भी नहीं जीतेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि अब्बास अंसारी एनडीए का हिस्सा नहीं है। सुभासपा सहित अन्य दलों के आने से एनडीए मजबूत हुआ है। डिप्टी सीएम ने कहा कि यूपी में इस समय हमारे 66 सांसद हैं। इन सीटों पर 2024 में भारी मतों से विजयी होंगे। अन्य सीटों पर भी हमारी ही जीत होगी। सपा का खाता नहीं खुलेगा। कांग्रेस नेतृत्व विहीन है। वह सिर्फ प्रधानमंत्री के विरोध तक सीमित है। विश्वस्तर के नेता नरेंद्र मोदी पर देश आज गर्व कर रहा है। प्रेसवार्ता में डिप्टी सीएम ने ज्ञानवापी पर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। कहा कि यह सत्य की जीत है। शिवभक्तों की मनोकामना पूरी होगी। ज्ञानवापी के एएसआई सर्वे से पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उम्मीद है कि राम मंदिर की तरह इस विवाद का भी निर्णय हो जाएगा। इस दौरान परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी मौजूद रहे।

Advertisement

7489697916 for Ad Booking