
-पब्लिक में चर्चा
-झटका सुखदायी होगा या कष्टकारक लोगों के बीच बना यक्ष प्रश्न
शशिकांत ओझा
बलिया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रीमंडल में फेरबदल/विस्तार की संभावना है। विस्तार में कौन नया मंत्री बनेगा, किसका कद घटेगा और किसका कद बढेगा यह तो भविष्य के गर्भ में है पर सूबे में चर्चा खूब तैर रही है। राजनीति में अपना विशेष स्थान रखने वाले बलिया जनपद में भी इन दिनों पब्लिक चर्चा है कि योगी के संभावित मंत्रीमंडल फेरबदल में बलिया को भी जोर का झटका लग सकता है। झटका सुखदायी होगा या कष्टकारी यह तो यक्ष प्रश्न बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में बलिया से वैसे दो मंत्री हैं पर एक दानिश आजाद अंसारी विधान परिषद सदस्य हैं और मुस्लिम चेहरा के नाम पर कैबिनेट में राज्यमंत्री हैं। बलिया नगर विधायक दयाशंकर सिंह प्रदेश सरकार में परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। बलिया जनपद से भाजपा के दो विधायक हैं। दयाशंकर सिंह के बाद बांसडीह से विधायक केतकी सिंह।
मुख्यमंत्री के संभावित कैबिनेट विस्तार/फेरबदल में बलिया को कैसा झटका लगेगा यह आमजन के समझ से बाहर है। चर्चा की माने तो झटका सुखद हो सकता है। ऐसा यदि होता है तो परिवहन मंत्री का कद कैबिनेट में बढ़ सकता है। वह कैबिनेट मंत्री हो सकते हैं। या यह भी हो सकता है कि बांसडीह विधायक केतकी सिंह कैबिनेट में शामिल हो जाएं। केतकी राज्यमंत्री बने या कैबिनेट दोनों झटका सुखद ही होगा। चर्चा के दूसरे दौर पर विचार किया जाए कि झटका दुखद भी हो सकता है तो इसमें क्या हो सकता है। इसमें यही हो सकता है कि मुख्यमंत्री परिवहन मंत्री का कद छोटा करें। परिवहन विभाग ले कोई हल्का विभाग मिल सकता है। क्या होगा क्या नहीं यह तो राम भरोसे है पर पब्लिक चर्चा के भगवान ही मालिक हैं।