

-भाजपा संगठनात्मक चुनाव
-वर्तमान जिलाध्यक्ष संजय यादव की होगी दोबारा ताजपोशी या आएगा नया-पुराना नाम
-पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप, छट्ठू राम सहित दर्जन भर नाम हैं जिलाध्यक्ष बनने की कतार में


शशिकांत ओझा
बलिया : दुनिया के साथ कदमताल करते हुए नववर्ष का अभिनंदन बलिया जनपद के लोगों ने भी किया। वर्षाभिनंदन के बाद जिले के भाजपाई अपने नए जिलाध्यक्ष के अभिनंदन की सोच रहे हैं। देखना है कि वर्तमान जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक संजय यादव की ताजपोशी दोबारा भाजपा संगठन करता है या नया पुराना नाम सामने आता है। जिलाध्यक्ष वाली संभावित कतार में पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप, छट्ठू राम सहित लगभग एक दर्जन नाम हैं।
भाजपा में संगठनात्मक चुनाव का दौर इन दिनों चल रहा है। बूथ अध्यक्ष से लगायत राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चयन होने की प्रक्रिया चल रही है। जनपद में बूथ अध्यक्षों के बाद पार्टी ने मंडल अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधियों की तैनाती भघ कर दिया है। शीघ्र ही जिलाध्यक्ष का चयन होना है। पार्टी इस पर मंथन कर रही है। चयन में मतदान तो होना नहीं सर्वसम्मति से ही होना है ऐसे में देखना है पार्टी अपने किस नेता के सिर पर ताज रखती है। वर्तमान जिलाध्यक्ष संजय यादव की ताजपोशी दोबारा संगठन करता है या कोई नया नाम सामने आता है। जनवरी के प्रथम सप्ताह में ही ऐलान होना है। बलिया में जिलाध्यक्ष बनने की सोच रखने वालों की कतार लंबी है। संभावना और पब्लिक चर्चा के मुताबिक जिलाध्यक्ष बनने के संभावितों में पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, पूर्व मंत्री छट्ठू राम, पूर्व विधायक भगवान पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे, विजय बहादुर सिंह, जयप्रकाश कुशवाहा सहित नवोदित संजय मिश्र, अंजनी राय, अनुप चौबे, प्रदीप सिंह, अमिताभ उपाध्याय और आलोक शुक्ल शामिल हैं।