
-यात्री सुविधा बहाल
-डंप लाल बालू के दुकानदारों का नुकसान, भारी वाहन के सीधे आने से घटेंगे दाम
-पुल के शुरू होने से कोलकाता, रांची, पटना की बस सेवाओं की होगी शुरुआत

शशिकांत ओझा
बलिया : लम्बे इंतजार के बाद बिहार यूपी को जोड़ने वाला बक्सर भरौली गंगा पर बना नया पुल जनता को समर्पित कर दिया गया। इसके बाद इस पुल पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। इस पुल के चालू होने बलिया के लिए कोलकाता रांची पटना बक्सर की बसों का परिचालन शुरू हो जाएगा।

बक्सर भरौली को जोड़ने वाला वीर कुंवर सिंह सेतु जर्जर होने के बाद 12 मई 2014 को बक्सर जिला प्रशासन द्वारा पुल के दोनों तरफ लोहे की बैरिकेडिंग कर दिया गया तभी से भारी वाहनों का आवागमन बंद हो गया था। जिसके कारण बड़े वाहनों को डेढ़ से दो सौ किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी। कोरोना काल से पहले ही इस पुल का निर्माण शुरू हो गया था लेकिन कोरोना काल में पुल का निर्माण बंद हो गया। इसलिए पुल को चालू होने में विलम्ब हुआ। पुल बनाने वाली एसपी सिंगला के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को पुल जनता को समर्पित कर दिया गया है। पुल चालू होने के बाद पटना लखनऊ की दूरी कम समय में तय किया जा सकता है। वहीं बिहार एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की नजर नये पुल पर थी पुल चालू होने के बाद बलिया से कोलकाता रांची धनबाद पटना बक्सर आदि जगहों के बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

पुल चालू होने का इंतजार लोगों को काफी दिनों से था। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा सब्जी की खेती करने वाले किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। पुल चालू होने के बाद वाहन स्वामियों एवं जनता में काफी प्रसन्नता हैं। अब भरौली गोलम्बर से फोरलेन सड़क 17,2 किलोमीटर करीमुद्दीनपुर के आगे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा इस सड़क का निर्माण भी जल्द ही शुरू हो जाएगा। सड़क निर्माण करने वाली कंपनी ने अपना प्लांट गोविन्द पुर में बैठना शुरू कर दिया है।