
-भाजपा सदस्यता अभियान का आयोजन
-कहा अंग्रेजों की तर्ज पर देश में जाति और भाषा के नाम पर विभाजन कांग्रेस को करता सूट
-भाजपा की सदस्यता बढाने के लिए सभी नेताओं को मनोयोग से जुटने की कही बात


शशिकांत ओझा
बलिया : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रविवार को बलिया में कांग्रेस पार्टी की अंग्रेजों से तुलना की। कहा कि अंग्रेजों की तर्ज पर देश में जाति तथा भाषा के नाम पर विभाजन कांग्रेस जैसी पार्टी को ही सूट करता है। आरोप लगाया कि हमारे देश को लंबे समय तक गुलाम करने वालों ने हमारी सभ्यता एवं संस्कृति को जिस प्रकार से रौंदने का काम किया उसके उपरांत सत्ता में आने वाली पार्टी का भी वही एजेंडा रहा।

जिले के बसंतपुर गांव में सुर्यवदन विद्यापीठ पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने यहां भाजपा के सामूहिक सदस्यता अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “लंबे समय तक देश में राजनीति करने वाली कांग्रेस पार्टी ने समाज के जिस प्रकार से देश को विभाजित कर के रखा। आप देखते होंगे अलग-अलग राज्यों की भाषा, अलग -अलग राज्यों की प्रथाएं हैं। अलग -अलग जाति तथा भाषा के नाम पर विभाजन, कांग्रेस जैसी विभाजन कारी राजनीति करने वाली पार्टी को शूट करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह जानती थी कि देश में इतनी सामाजिक एवं भाषाई विविधताएं हैं कि कोई राष्ट्रीय पार्टी खड़ी नहीं हो पायेगी।


जो गांव से लेकर सभी राज्यों में अपने संगठन का विस्तार कर सके। सब लोग जानते हैं, इन लोगों का एजेंडा समाज को बांटकर जाति के आधार पर राजनीति करने का है।” उन्होंने कहा कि “हम लंबे समय तक गुलाम रहे और उस गुलामी के मूल में सोचोगे तो कहीं न कहीं ये जो देश में विभाजन हम लोगों में है, चाहे भाषा क्षेत्र या जाति के नामपर हो, यह हमारी कमजोरी का बड़ा हिस्सा है। इसी काल खंड में इन्ही कारणों से जो छोटे-छोटे ग्रुप आए, वो हमारी व्यवस्था को रौंदते हुए देश की सत्ता पर काबिज हो गए।” वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि “अंग्रेजों ने हमारे मठ मंदिरों तथा हमारे देव स्थानों के प्रति जिस प्रकार का उन्होंने दृष्टिकोण अपनाया कि उन्होंने हमारी सभ्यता तथा संस्कृति को समाप्त करने का काम किया। लेकिन जब हम आजाद हुए तो जो शासन करने वाली पार्टी थी, उसका भी यही एजेंडा था।” उन्होंने कहा कि “देश संगठित होकर एक विचार में आगे बढ़े, इस प्रकार का प्रयास देश के किसी भी शासन काल में नहीं हुआ। जैसे – जैसे भारतीय जनता पार्टी और जन संघ के रूप में हम आगे बढ़ते चले गए तो हमने हमेशा कहा हमारी संस्कृति, विरासत तथा हमारी आस्था और अपनी परम्परा के आधार पर हम देश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। यह हमारे- आपके लिए गर्व का विषय है कि आप सभी के आशीर्वाद से देश में प्रधानमंत्री मोदी को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का अवसर मिला।

जमानत पर बाहर आए हैं केजरीवाल, दोषमुक्त नहीं
संवाददाताओं से बातचीत में दिल्ली प्रदेश के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल अभी जमानत पर बाहर आए हैं ना कि वह दोष मुक्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमें धैर्य रखना चाहिए तथा देश की न्यायपालिका पर भरोसा रखना चाहिए। जिलाध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि पार्टी का जो लक्ष्य सदस्यता के लिए दिया गया है। उससे जनपद में अधिक सदस्यता कराने के लिए हम सब पार्टी कार्यकर्ता लगे हुए हैं। भाजपा सदस्यता अभियान को संगठन पर्व के रूप में मना रही हैं। सभी मण्डलो में मजबूती से अभियान चलाया जा रहा है। विधायक केतकी सिंह ने भोजपुरी में अपने संम्बोधन में कहा कि भाजपा विश्व के सबसे बड़ पार्टी हीया, अध्यक्ष जी को आश्वासन दिया कि हम सब बहिन मिलके पुरनका रिकार्ड से भी अधिक सदस्य बनाईम जा। श्रीमती सिंह ने उपस्थित महिलाओं को बहीनिया कहकर आश्वासन लिया कि प्रदेश अध्यक्ष जी आप निश्चित रहे। जनपद सदस्यता में अव्वल रहेगा। इस मौके पर मंत्री दानिश आजाद अंसारी, उपेंद्र तिवारी, आंनद स्वरुप शुक्ल, नारद राय ने भी सभा को संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय यादव ने किया।

शहीद के घर पहुंच जताई संवेदना
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी रविवार को कस्बा के शहीद नीरज सिंह के घर दोपहर मे पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किया। बता दें कि नीरज सिंह सीआईएसएफ बोकारो में तैनात थे। चुनाव में ड्यूटी हेतु जम्मू गए थे। जहां बस दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। बलिया में पार्टी के कार्यक्रम में आए जब प्रदेश अध्यक्ष को इसकी जानकारी हुई तो वह शहीद के पैतृक आवास सुखपुरा पहुच कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। शहीद नीरज सिंह के पुत्र विशाल सिंह को सांत्वना दिया।