-वित्तीय अनियमितता का मामला
-जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल द्वारा नियुक्त प्रशासक डिप्टी कलेक्टर रशीद फारुखी ने ग्रहण किया चार्ज


बलिया : वित्तीय अनियमितता के मामले में चितबड़ागांव के नगर पंचायत अध्यक्ष केशरीनंदन त्रिपाठी पर शासन ने बड़ी कारर्रवाई की है। शासन के निर्देश पर नगर पंचायत अध्यक्ष के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिये गये है। वहीं जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने डिप्टी कलेक्टर रशीद फारुखी को नगर पंचायत चितबड़ागांव का प्रशासक नियुक्त कर दिया है। डिप्टी कलेक्टर ने प्रभार ग्रहण कर लिया है।



जानकारी के अनुसार उक्त अनियमितताओं के संबंध में नगर पंचायत के सभासद गणों ने 2018 में शिकायत दर्ज करवायी थी। जिसके क्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर शासन को आख्या उपलब्ध करायी गयी थी। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उपरोक्त के संबंध में 15 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया था। अध्यक्ष द्वारा स्पष्टीकरण न देकर न्यायालय की शरण ली गयी थी। पुनः 2021 में जांच के दौरान सभी आरोप सही पाये गये। जिस पर उक्त कार्रवाई की गयी है। वर्ष 2018 से 2021 के बीच मध्य नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा वित्तीय अनियमितता तथा सरकारी अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में इनके अधिकार को सीज कर दिया गया है। अध्यक्ष पर आरोप है कि इन्होंने कंबल खरीद, ई-टेण्डरिंग के द्वारा टेक्निकल बिड को अपलोड न कराकर सीधे ठेकेदार द्वारा प्राप्त टेक्निकल बिड को खोला गया, बोर्ड की बैठकों में आय-व्यय का विवरण न दिये जाने, हैंडपंप लगाने हेतु बोर्ड प्रस्ताव की कार्रवाई रजिस्टर्ड में छेड़छाड़ करने और निकाय का 2 लाख 29 हजार 910 रूपये की वित्तीय अनियमितता, नगर पंचायत के निधि का दुरूपयोग करने आदि मामलों में उक्त कारर्रवाई की गयी है। इन वित्तीय अनियमितताओं के परिप्रेक्ष्य में जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने नगर पंचायत अध्यक्ष को तात्कालिक प्रभाव से वित्त्तीय और प्रशासनिक शक्तियों पर रोक लगाते हुए अनवर रशीद फारूकी, डिप्टी कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त कर दिया है। प्रशासक ने चार्ज ग्रहण कर लिया है।