

-गायत्री महायज्ञ
-108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं ने दी आहूति
गायत्री माता प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजन


शशिकांत ओझा
बलिया : गायत्री शक्तिपीठ महावीर घाट में चल रहे 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन गुरुवार को यज्ञाहुति से निकले हुए धुएं से भृगुनगरी पूरी तरह भक्तिमय हो गई। ॐ भूर्भुवः स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं, भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्। मंत्रोच्चारण से माहौल पूरी तरह गायत्रीमय हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में अपनी पावन आहूति दी।
महावीर घाट गंगा जी मार्ग स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर चल रहे 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन गुरुवार को यज्ञशाला में गायत्री तैंतीस कोटि देवताओं का वैदिक मंत्रों के साथ आवाहन किया गया। देव शक्तियों का षोडशोपचार पूजन-अर्चन के बाद विश्व-कल्याण के लिए गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय, सूर्य गायत्री आदि मंत्रों से आहुतियां समर्पित की गई। शांतिकुंज हरिद्वार प्रतिनिधि व प्रज्ञा पुराण कथा वाचक राजकुमार भृगु ने गायत्री मंत्र एवं यज्ञ की महत्ता पर व्यापक प्रकाश डाला। वेद मंत्रों के साथ युग गायक बनवारी लाल सैनी की मधुर गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख विजेंद्र नाथ चौबे ने बताया कि तीन जनवरी की शाम पांच बजे से दीप महायज्ञ का विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया जाएगा। जिसमें हजारों दीपों को प्रज्वलित कर आहुति दी जाएगी। गायत्री शक्तिपीठ में शुक्रवार की सुबह यज्ञ में आहुति और संस्कार कराए जाएंगे। शाम को दीपोत्सव होगा।