
-होली मिलन समारोह
-भोजपुरी के स्टार कलाकार गोलू राजा और अदिति राज ने लूटी महफिल
-पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री राजधारी, पूर्व विधायक भगवान पाठक हुए शामिल
-नगर पंचायत सहतवार के चेयरमैन प्रतिनिधि सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू भी पहुंचे
शशिकांत ओझा
बलिया : लोकसभा 71 सलेमपुर के समाजसेवी योगेश्वर सिंह के आवास पर बुधवार को होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। होली मिलन समारोह में जहां गुलाल और पुष्प वर्षा हुई वहीं भोजपुरी के स्टार कलाकार गोलू राजा और अदिति राज ने खूब फगुआ और चइता (चैता) की बारिश की।
योगेश्वर सिंह के आवास कुसौरा में आयोजित होली मिलन समारोह में सहभागिता के लिए सुबह से ही पूरे लोकसभा क्षेत्र से लोगों का आना प्रारंभ हो गया था। आयोजक समाजसेवी योगेश्वर सिंह स्वयं मुख्य प्रवेश द्वार पर खड़ा हो आगंतुकों का अभिवादन कर रहे थे। निर्धारित समय पर भोजपुरी स्टार गायक गोलू राजा ने भजन गाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। आयोजक योगेश्वर सिंह ने सभी अतिथियों को गुलाल लगाया और पुष्प वर्षा किया। होली मिलन समारोह में भाषण आदि नहीं हुआ सिर्फ गुलाल और गीतों की बरसात हुई। गोलू राजा ने कागा लेजा अबीर, दे दीह फौजी बलम के…और अदिति राज ने होली में कनिया के ना याद करबा का ए राजा…गाकर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री राजधारी, पूर्व विधायक भगवान पाठक, विधायक केतकी सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर विश्राम सिंह, कमलेश सिंह, नगर पंचायत सहतवार के प्रतिनिधि सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र यादव, भाजपा नेता खड्गबहादुर सिंह, भाजपा नेता कमलेश तिवारी आदि मौजूद रहे। आयोजक योगेश्वर सिंह ने सभी का आभार ज्ञापित किया।