
-सेंट्रल जोन का हिस्सा
-श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा बलिया में है तैनाती
-स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया में यूपी महिला क्रिकेट टीम की रही कोच
-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजभवन में राज्यपाल ने भी किया सम्मानित

शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद के श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा की व्यायाम शिक्षक करिश्मा वार्ष्णेय को नई दिल्ली में बेस्ट फिजिकल एजुकेशन टीचर अवार्ड से नवाजा गया। सेंट्रल जोन में स्कूली बच्चों की बेहतरी के लिए काम करने का पुरस्कार करिश्मा वार्ष्णेय को मिला।


फिजिकल गेम्स फाउंडेशन आफ इंडिया के बैनर तले नई दिल्ली में 06 फरवरी को आयोजित सम्मान समारोह में देश के सभी जोन से बेहतर प्रदर्शन करने वाले फिजिकल एजुकेशन के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सेंट्रल जोन के लिए 8वें डा. जीपी गौतम बेस्ट फिजिकल एजुकेशन टीचर अवार्ड बलिया में कार्यरत करिश्मा वार्ष्णेय को मिला। संस्थान के प्रमुखों सहित सांसद हर्ष मल्होत्रा ने पुरस्कार प्रदान किया।


सनद रहे करिश्मा वार्ष्णेय बलिया के ग्रामीण इलाके में स्थित श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा में व्यायाम शिक्षक के पद पर तैनात है। अपनी महज चार साल की सेवा में करिश्मा वार्ष्णेय ने वह कर दिखाया है जिसके लिए अन्यों को दशकों लग जाते हैं। करिश्मा वार्ष्णेय ने अपने विद्यालय के ग्रामीण स्कूली बच्चों को तैयार कर न सिर्फ मंडल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। करिश्मा वार्ष्णेय को उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट अंडर 19 कोच की जिम्मेदारी मिली तो उसने उसी साल यूपी को गोल्ड मेडल और उसके अगले साल सिल्वर मेडल जिताया। देश में यूपी का परचम लगातार लहराने के लिए उसे हमेशा याद किया जाएगा। करिश्मा वार्ष्णेय की इन्हीं उपलब्धियों को देखते हुए उसे राजभवन से भी आमंत्रण मिला और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में करिश्मा वार्ष्णेय को सम्मानित किया।


नई दिल्ली में करिश्मा वार्ष्णेय को बेस्ट फिजिकल एजुकेशन टीचर अवार्ड मिलने से जनपद के शिक्षकों में प्रसन्नता है और सभी करिश्मा वार्ष्णेय को बधाई दे रहे हैं। श्री शिवप्रसाद गुप्त इंटर कालेज टीका देवरी नगपुरा में तो खुशी का आलम है। विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और सभी शिक्षकों ने करिश्मा वार्ष्णेय को बधाई दिया है।





