
शशिकांत ओझा
बलिया : भतीजे की बारात से रात में लौटे चाचा का शव पेड़ पर लटका देख हड़कम्प मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



चाचा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र के असेगा गांव का है। बताया जा रहा है कि असेगा गांव निवासी प्रदीप खरवार (47) के भतीजे की शादी बुधवार को थी।

बारात उसरैला गांव में गई थी। बरात में प्रदीप भी शामिल था, लेकिन रात करीब 12 बजे प्रदीप घर वापस आ गया। यहा घर पर महिलाएं मांगलिक गीत गा रही थी।

घर पहुंचे प्रदीप ने महिलाओं से कुछ बातचीत के बाद सोने की बात कहकर चला गया। गुरुवार की सुबह प्रदीप का शव घर के पीछे एक पेड़ पर लटका देख लोग दंग रह गये। घर-परिवार में कोहराम मच गया।

शादी की खुशियां गमगीन हो गयी। पत्नी मंजू देवी, बेटी पम्मी, बेटा मुन्नू व राज के अलावा पूरे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
