बलिया : जिले के नगर पंचायत चितबड़ागांव में स्थित ऐतिहासिक बरैया पोखरा में चितबड़ागांव निवासी आर्मी के सिंगनल कोर में कार्यरत सूबेदार सुनील कुमार सिंह (50) की नहाते समय पैर फिसल जाने से गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक चितबड़ागांव नगर पंचायत निवासी रिटायर्ड सूबेदार मेजर उदय भान सिंह के पुत्र सुनील कुमार सिंह आर्मी के सिग्नल कोर में सूबेदार पद पर कार्यरत थे। सुनील कुमार सिंह घर आए हुए थे। शनिवार को अपरान्ह 3:00 बजे बरैया पोखरे में नहाने के लिए अपने कपड़े उतार कर मोबाइल फोन कपड़े के ऊपर रखकर सीढ़ियों के सहारे पानी में उतर कर नहा रहे थे। नहाते समय पैर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चले गए। कुछ लोगों ने उन्हें पानी में डूबते हुए देख कर शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार ने स्थानीय गोताखोर को ढूंढने के लिए पोखरे में उतारा। काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। शाम छः बजे तक समाचार लिखे जाने तक गोताखोर सुनील कुमार सिंह को ढूंढ नहीं पाया था। इस घटना से नगर पंचायत में शोक का माहौल है।