
शशिकांत ओझा
बलिया : जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के तत्कालीन वरिष्ठ लिपिक अनिरुद्ध आर्य को संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मण्डल योगेंद्र कुमार सिंह ने निलंबित कर दिया। निलंबन अवधिके दौरान राजकीय बालिका इण्टर कालेज, बलिया से सम्बद्ध कर दिया है। निलंबन की कार्रवाई से विभागीय गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

गौरतलब हो कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक पद पर तैनात अनिरुद्ध आर्य का स्थानांतरण करीब छह माह पहले राजकीय बालिका इंटर कालेज जयप्रकाश नगर, बैरिया कर दिया गया था। स्थानान्तरण के उपरान्त 26 जुलाई को कार्यमुक्त आदेश जारी किया गया। जिसमें पटल से सम्बन्धित समस्त प्रभार सम्बन्धित को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के अन्दर सौंपने की अपेक्षा की गई थी, पर अनिरुद्ध आर्य ने ऐसा करना उचित नहीं समझा।

इस बीच उक्त मामला उच्च न्यायालय में चला गया। एक दिसंबर 2022 को न्यायालय में उपस्थित होने से पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक व राजकीय उमावि बिसुकिया के प्रधानाध्यापक अतुल कुमार तिवारी ने उनसे संपर्क करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन तत्कालीन वरिष्ठ लिपिक अपने उच्चाधिकारियों से बात करना ठीक नहीं समझे। यही नहीं, विभागीय परिचारक संजय प्रसाद को उनके घर भेज कर अभिलेख प्राप्त करने की कोशिशें भी नाकाम रही। इसके अलावा विभागीय व्हाट्स एप ग्रुप ‘गवर्मेंट स्कूल बलिया’ के माध्यम से भी अनिरूद्ध आर्य को सूचना दी गई। बावजूद अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया। 6 दिसंबर को एक बार फिर जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह ने दूरभाष पर अनिरूद्ध आर्य से बात कर तत्काल प्रभाव से पटल से सम्बन्धित समस्त अभिलेखों एवं पत्रावलियों का प्रभार संजय कुँवर (आशुलिपिक) को सौपने का निर्देश दिया, लेकिन पूर्व की भांति तत्कालीन वरिष्ठ लिपिक ने ऐसा करना जायज नही समझा। और वे चार्ज देना तो दूर कार्यालय में उपस्थित तक नही हुए। उक्त कार्य व्यवहार को घोर अनुशासनहीनता व लापरवाही मानते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को निलंबन का पत्र पकड़ा दिया। जिसे लेकर विभागीय चर्चा बढ़ गई है।