
-बोले एडीआरएम निर्भय नारायण सिंह
-निपुण भारत अभियान के तहत पूर्व माध्यमिक विद्यालय हल्दी में गोष्ठी


शशिकांत ओझा
बलिया : निपुण भारत अभियान के तहत बच्चों में भाषा और गणित की आधारभूत दक्षताओं के विकास हेतु चलाए जा रहे मिशन में ब्लॉक संसाधन केंद्र बेलहरी पर प्राथमिक शिक्षक संघ बेलहरी के माध्यम से शुक्रवार को गोष्ठी का आयोजन हुआ। पूर्व माध्यमिक विद्यालय हल्दी के प्रांगण में स्थित सेनानी स्तम्भ पर माल्यार्पण के साथ गोष्ठी की औपचारिक शुरुआत हुई। गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि एडीआरएम निर्भय नारायण सिंह ने सहभागिता की।

मूल रूप से बलिया जनपद के अघैला गांव निवासी निर्भय नारायण सिंह (एडीआरएम भारतीय रेल) ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि गांव से रोजगार के लिए व्यक्ति शहर की ओर पलायन करता है। वहां जाकर मजदूरी करता है और उसके बाद जब बुढापा आता है तो घर वापस आ जाता है। जब वह व्यक्ति घर लौटता है तो उसका बेटा मजदूरी करने के लिए निकल जाता है। गरीबी, मजदूरी और पलायन का यह दुष्चक्र चलता रहता है। यदि हम अपने युवाओं को गणित, अंग्रेजी और कंप्यूटर की अच्छी शिक्षा दे पाए तो इस दुष्चक्र को तोड़ा जा सकता है। कहा कि प्राथमिक शिक्षा सफल जीवन की नींव है। ऐसे में एक शिक्षित युवा तैयार करने में प्राथमिक शिक्षकों की महती भूमिका है।

अभिभावकों की भूमिका पर बात करते हुए बताया कि बच्चों की शिक्षा के लिए अभिभावकों को भी जिम्मेदारी उठानी चाहिए। बेलहरी ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार ने अपना बहुमूल्य समय देने की लिए निर्भय नारायण सिंह का आभार व्यक्त किया। प्राथमिक शिक्षक संघ की बेलहरी के पूर्व अध्यक्ष अजेय किशोर सिंह ने शिक्षा में हो रहे नवाचारों की प्रशंसा की। शिक्षा के महत्व को इंगित करते हुए कहा कि शिक्षा सफलता का द्वार खोलती है। प्राथमिक शिक्षक संघ के बेलहरी अध्यक्ष शशिकांत ओझा ने निपुण कार्यक्रम के अंतर्गत हो रही प्रगति के बारे में चर्चा की। इससे पहले शशिकांत ओझा ने माल्यार्पण कर निर्भय नारायण सिंह तथा अध्यापक विजय सिंह को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में एडीआरएम निर्भय नारायण सिंह तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार ने निपुण दक्षता को प्राप्त कर चुके बच्चों तथा सभा में उपस्थित अध्यापकों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में अजय पांडेय, राजेंद्र शुक्ल, ऋषिकेष ठाकुर, सोनू जायसवाल, प्रवीण यादव, अजय कुमार, संजय मिश्र, आशा देवी, ब्रजभूषण पाण्डेय, अर्चना सिंह, राजीव मिश्र, पूजा सविता, सविता, निर्मला सिंह, अमित कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, मंजूर हुसैन, सुरेंद्र मिश्र, दिलीप सिंह, जीतेन्द्र ओझा, आशुतोष ओझा, अरुण कुमार गिरी, आशुतोष ओझा, संजीव शुक्ला आदि उपस्थित रहे। संचालन बृज किशोर पाठक ने किया।