
-इकाई हुई बंद
-जिले में वर्तमान समय में ही इकाई के जिम्मे चल रहा है 50 करोड़ का काम
-आजमगढ़ इकाई होने से जिले के ठेकेदारों और विकास कार्य का नुकसान
शशिकांत ओझा
बलिया : प्रदेश सरकार की कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश निर्माण निगम ने प्रदेश भर में निर्माण कार्य करने के लिए अपनी इकाइयां खोला था। इसी क्रम में बलिया में भी एक इकाई लंबे समय से अस्तित्व में थी। राजनैतिक उदासीनता के कारण निगम ने इस लाभप्रद इकाई को बंद कर आजमगढ़ इकाई से संबद्ध कर दिया। बलिया इकाई के पास अभी भी 50 करोड़ का कार्य संचालित है। इकाई बंद होने से जिले का विकास तो रूकेगा ही ठेकेदारों का भी बहुत नुकसान है।



उत्तर प्रदेश निर्माण निगम की इकाई यहां होने से अधिकारी समय समय पर कार्य देखते भी रहते थे। अब आजमगढ़ से हमेशा कोई निरीक्षण के लिए नहीं आएगा। राजनैतिक लोग भी अधिकारियों से आसानी से संपर्क कर लेते थे अब उन्हें भी मिलने आजमगढ़ जाना होगा। निर्माण निगम की इकाई के बंद होने का बड़ा नुकसान जिले के विकास का तो है ही ठेकेदारों का ज्यादा है। यहां से इकाई हटने पर कार्य करा रही फर्मों को बार बार आजमगढ़ दौड़ना होगा वहीं नया कार्य मिलने में भी उन्हें परेशानी उठानी होगी। वर्तमान समय में सबसे बड़ा प्रश्न यही है कि आखिर लाभप्रद इकाई को बंद करने का निर्णय निगम ने लिया क्यों है।
