
सम्मान समारोह आयोजित
-पूर्व विधायक संजय यादव और जिलाध्यक्ष जेपी साहू रहे सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि
-चेयरमैन प्रतिनिधि भाजपा नेता संजय जायसवाल ने सभी को दिया स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम




शशिकांत ओझा
बलिया : आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर की अध्यक्ष सावित्री देवी ने शनिवार की शाम निकाय चुनाव में सहयोग करने वाले अपने सभी सहयोगियों सहित मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया। नगर पंचायत के कार्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। आयोजन के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय यादव व भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू रहे।

आदर्श नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में मोदी सरकार के नौ साल बेमिसाल का जश्न जैसा भी माहौल दिखा। मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खूब हुआ। विदेशी लाल यादव ने अपने स्वागत गीत में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय यादव को मोदी योगी का हनुमान बताया। मंच पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक के पहुंचते ही मंच पर सीधे निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवार का सहयोग और समर्थन करने वाले पार्टी के विशिष्ट जनों और समाज के विभिन्न समुदाय के विशिष्ट जनों को सम्मानित करने कार्य शुरु हुआ।

भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू के पहुंचते ही चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने मुख्य अतिथि और जिलाध्यक्ष को भी सम्मानित किया। सम्मान में सभी का माल्यार्पण करने के बाद अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। मीडिया जनों को भी संजय जायसवाल ने पूर्व विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष के हाथों सम्मानित कराया।

सम्मानित होने वाले पत्रकारों में शशिकांत ओझा, रजनीश श्रीवास्तव, अजय तिवारी, घनश्याम तिवारी, अरविंद पांडेय, मनीष गुप्ता, इमरान खान, आरिफ अंसारी सहित दर्जनों पत्रकार शामिल रहे। पूर्व विधायक ने सभी नगर पंचायत सदस्यों और चेयरमैन को बधाई देते हुए सबका साथ सबका विकास के फार्मूले पर कार्य करने की सलाह दी। जिलाध्यक्ष ने सभी सम्मानित जनों को शुभकामना देते हुए बधाई दी। चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने सभी का आभार जताया। चेयरमैन प्रतिनिधि ने सभी जनों को भोजन कराने के बाद ही विदा किया।

