
बलिया : सुखपुरा थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में आई बारात में आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों पर स्कार्पियो गाड़ी काल बनकर अचानक दौड़ गयी। स्कार्पियो ने दो लोगों की जान लेली और आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया।


मुख देवराम पुत्र नागेंद्र राम की बारात सुखपुरा थाना क्षेत्र के भोजपुर दलित बस्ती निवासी अवधेश राम के घर गुरुवार को आयी थी। चहुंओर खुशियों का आलम था। नाच-गान के बीच द्वार पूजा के बाद अन्य मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था, तभी स्कार्पियो काल बनकर दौड़ी और देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक लोगों को चपेट में ले ली। हादसे में बालक समेत दो की मौत हो गयी, जबकि दो की हालत गंभीर है। इस घटना से बारात में अफरा-तफरी मच गई। द्वारचार के दौरान भी माहौल खुशनुमा था, जो रात करीब साढ़े 10 बजे चीख-पुकार में तब्दील हो गया। बारात में आर्केस्टा का कार्यक्रम चल रहा। इसी बीच, स्कॉर्पियो में कुछ बाराती शराब और खाने-पीने के लिए बैठे थे। किसी ने स्कार्पियो स्टार्ट किया और अचानक किसी तरह गाड़ी का गियर लग गया और गाड़ी तेजी से चल पड़ी। इससे बारात में भगदड़ मच गई, फिर भी कई लोग चपेट में आ गये। हादसे में देवनाथ (42) व किशन (8 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मंटू पासवान (30) तथा कुंदन (9 वर्ष) सहित कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद महौल गमगीन हो गया।