
-शैक्षणिक गतिविधि
-वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश सिंह दयाल रहे आयोजन के मुख्य अतिथि
-स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित सभी का मन मोहा

शशिकांत ओझा
बलिया : शेमुषी विद्यापीठ रेवती का 15वां वार्षिकोत्सव “अभ्युदय” हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अभ्युदय का शुभारम्भ पूर्व चेयरमैन रामेश्वर नाथ तिवारी, विद्यालय के चेयरमैन परमेश्वर नाथ तिवारी, भारत पेट्रोलियम के एरिया मैनेजर निहाल पाण्डेय, वाइस चेयरमैन अभिज्ञान तिवारी, डायरेक्टर अभिषेक तिवारी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम पूजन तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान मुख्य अतिथि राजेश सिंह दयाल द्वारा अभ्युदय पत्रिका का विमोचन किया गया।




वार्षिकोत्सव के कार्यक्रम के क्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा वेलकम सांग प्रस्तुत कर आगंतुकों का स्वागत किया।तत्पश्चात बच्चों ने अतिथि देवो भव प्रस्तुत किया। होली गीत तथा स्वरांजलि प्रस्तुत कर बच्चों ने खूब तालियां बटोरी। वहीं महाभारत के द्रौपदी चीर हरण तथा दुष्यासन वध ने सभी को भावुक कर दिया। स्नो व्हाइट एंड सेवेन ड्वार्फस तथा कवि सम्मेलन सहित 29 इवेंट में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। हर इवेंट के दौरान फूल वर्षा हो रही थी। मुख्य अतिथि राजेश सिंह दयाल ने बच्चों से मुखातिब होते हुए कहा कि अपने माता-पिता को अपना आदर्श बनायें। लक्ष्य निश्चित करें, निश्चित ही सफलता प्राप्त होगी। पूर्व चेयरमैन रामेश्वर नाथ तिवारी ने कहा कि इस ग्रामीण क्षेत्र में 15 वर्ष पूर्व इस संस्थान की नींव इस उद्देश्य के साथ रखा गया कि इस क्षेत्र के बच्चे भी देश में नाम रोशन करें और आज इस विद्यालय के बच्चे आईआईटी आदि परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। वाइस चेयरमैन अभिज्ञान तिवारी ने कहा कि 130 बच्चों के साथ शुरू हुआ इस विद्यालय में करीब दो हजार विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। इससे पहले पूर्व चेयरमैन रामेश्वर नाथ तिवारी, वाइस चेयरमैन अभिज्ञान तिवारी, डायरेक्टर अभिषेक तिवारी ने मुख्य अतिथि राजेश सिंह दयाल, विपलेन्दु प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्रम, बुके तथा मोमेंटो देकर किया। डायरेक्टर अभिषेक तिवारी एवं प्रधानाचार्य संदीप कुमार ने आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया।






