अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

दक्षिण अफ्रीका से गोल्ड व कांस्य पदक लेकर लौटे सनबीम के सितारों का विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत

शशिकांत ओझा

बलिया। अभी तो परिंदों को शुमार करना है, फिर बताएंगे किसका शिकार करना है। तुम्हें गुरुर है ऐ दरिया अपनी बेकस लहरों पर, हमें भी जिद है कि दरिया को पार करना है। उक्त पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती हैं सनबीम के होनहार सितारों पर। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 11वीं राष्ट्रमंडल कराटे चैंपियनशिप में ‘खेलो इंडिया खेलो’ के अंतर्गत सनबीम स्कूल बलिया से शिक्षा प्राप्त किए हरपुर मिढ्ढी निवासी युवराज सिंह ने 21आयु वर्ग में 67 किलोग्राम भार वर्ग में इंग्लैंड के मान्क ल्यूक को 0 – 4 से करारी शिकस्त देकर स्वर्ण पदक को प्राप्त किया। वहीं कक्षा दसवीं के छात्र हनी सोनी ने अफ्रीका के एंजेल ब्रेक्स को पराजित कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। 

बताते चलें कि अफ्रीका से लौटने पर सनबीम के दोनों विजेता खिलाड़ियों का नमन हाल में भव्य स्वागत किया गया। बच्चों की करतल ध्वनियों से समग्र परिसर गूंज उठा। इस उपलब्धि से समग्र विद्यालय परिवार खुशी से आह्लादित है।  बलिया जनपद के खेल इतिहास में यह पहला मौका है कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त करने का। हनी सोनी अफ्रीका के बाद दिल्ली भी गए वहां भी उन्होंने कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। साथ में अन्य खिलाड़ी करण सिंह व अमित वर्मा भी सम्मानित किए गए। इस अवसर पर वाराणसी सनबीम हेड ऑफिस से निरीक्षण करने आई टीम क्यूसीआर एन्ड डी टीम मौजूद थी। टीम के प्रमुख पीवी पाल सर ने विजेता खिलाड़ियों को माला पहनकर स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह प्रदान किया। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों को इन होनहारों से प्रेरणा लेने की बात कही। एक सुनहरे कल की उम्मीद में अपने हुनर को और निखारने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के प्रतिभा की प्रशंसा भी की। विद्यालय के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए इन दोनों खिलाड़ियों की भूरि-भूरि सराहना की और इनके हौसले व उपलब्धि से प्रेरणा लेने की बात दोहराई। कहा कि सनबीम के सितारे हर अवसर का समुचित सदुपयोग कर रहे हैं। नित नव इतिहास रच रहे हैं। निश्चित ही यह हमारे जनपद व देश के लिए गर्व की बात है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने संपूर्ण विद्यालय परिवार की तरफ से दोनों खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाइयां व धन्यवाद दिया। विद्यालय के प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सनबीम के बच्चों का यह शानदार आगाज़ है। हमें और भी आगे जाना है। मौके पर ग्लोबल कोऑर्डिनेटर सहर बानो, हेडमिस्ट्रेस नीतू पांडेय, कराटे प्रशिक्षक कमल, समस्त समन्व्यकगण व शिक्षकगण मौजूद रहे।