
-सीबीएसई कलस्टर प्रतियोगिता
-डीवाई पाटिल पुष्पलता पाटिल इंटरनेशनल स्कूल पटना में आयोजित थी प्रतियोगिता

शशिकांत ओझा
बलिया : होनहार बीरवान के होत चिकने पात। इसको चरितार्थ किया है जिले के सनबीम स्कूल बलिया (अगरसंडा) के नौनिहाल खिलाड़ियों ने। अपनी विद्वता का परिचय देते हुए खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा कभी भी किसी आयु की मोहताज नहीं होती।


जानकारी के मुताबिक इस समय सीबीएसई द्वारा विभिन्न क्लस्टर एवं जोनल खेल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिताओं में अनेकों विद्यालयों के क्रिडार्थी प्रतिभाग किए हैं। इसी के अंतर्गत डी वाई पाटिल पुष्पलता पाटिल इंटरनेशनल स्कूल पटना में 28 से 31 अक्टूबर तक जोनल स्तर की शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के साथ सनबीम स्कूल बलिया के विद्यार्थियों ने भी प्रतिभाग किया था।

यह प्रतियोगिता विभिन्न आयुवर्ग में आयोजित थी। विद्यालय के विद्यार्थियों ने क्रमशः अंडर 11 बालक एवं बालिका वर्ग, अंडर 14 बालक वर्ग एवं अंडर 17 बालक वर्ग में प्रतिभाग किया था जिसमे अंडर 11 बालिका वर्ग में अराध्या यादव, साक्षी, शिवानी और काव्या की संयुक्त टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त करके कांस्य पदक जीता। इसी क्रम में काव्या ने प्रतियोगिता का बोर्ड प्राइज जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट कर लिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस प्रतियोगिता में उपरोक्त टीम सबसे कम आयु की टीम थी। इसके साथ ही अन्य आयु वर्ग के क्रिडार्थियों ने भी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में बिहार ,झारखंड और उत्तरप्रदेश के लगभग 850 खिलाड़ियों ने भाग किया था।


विद्यार्थियों की सफलता से संपूर्ण विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह “गामा” ने बताया कि यह अत्यंत गौरव की बात है कि इतनी कम आयु में ही बच्चों ने जोनल स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस सफलता ने न केवल विद्यालय को अपितु जिले को भी गौरवान्वित किया है। श्री सिंह खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय बच्चों एवं उनके प्रशिक्षक पंकज कुमार सिंह की कड़ी मेहनत और लगन को दिया है। प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने समस्त खिलाड़ियों को उनकी सफलता के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।