अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

फेफना विधानसभा में भाजपा टिकट के लिए तीन मजबूत नेताओं की मजबूत दावेदारी!

-मिशन विधानसभा 2027
-पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी को बराबर की चुनौती देते दिख रहे पं. राजीव उपाध्याय और डा. सुषमा शेखर

शशिकांत ओझा

बलिया : उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव 2027 में होना है पर पार्टी और नेताओं की तैयारी अभी से पूरे शबाब पर है। सत्ताधारी दल भाजपा में टिकट की जंग जारी है। जनपद बलिया की फेफना विधानसभा में तीन नेताओं की दावेदारी मजबूत दिख रही है। पार्टी समय किसको देगी यह तो समय ही बताएगा। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, डा. सुषमा शेखर और पं. राजीव उपाध्याय अभी तक काफी आगे हैं।


विधानसभा चुनाव 2022 में विधानसभा फेफना समाजवादी पार्टी के खाते में चली गई। संग्राम सिंह यादव ने योगी प्रथम कैबिनेट के मंत्री उपेंद्र तिवारी को चुनाव हरा दिया। फेफना विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विजय अभियान की शुरुआत विधानसभा चुनाव 2012 में उपेंद्र तिवारी ने ही तत्कालीन सरकार के राजस्व मंत्री अंबिका चौधरी को चुनाव हरा कर किया था। उपेंद्र तिवारी ने विधानसभा चुनाव 2017 में भी विजय हासिल की और योगी सरकार में मंत्री भी बने।

विधानसभा चुनाव 2022 में उपेंद्र तिवारी को पराजय मिली और फेफना सपा के खाते में चली गई। उपेंद्र तिवारी के चुनाव हारने के बाद कई नेताओं ने पार्टी से टिकट की मुराद पाल ली। भाजपा का टिकट पाने की मनशा आधा दर्जन नेताओं ने पाल रखा है उनमें तीन की मजबूत दावेदारी दिख रही है। मजबूत दावेदारी करने वालों में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी के साथ पं. राजीव उपाध्याय और डा. सुषमा शेखर का नाम अहम है।

उपेंद्र तिवारी

उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी इलाहाबाद विश्वविद्यालय से राजनीति करने के बाद फेफना विधानसभा की राजनीति में दाखिल हुए। कई बार चुनाव हारने के बाद उन्हें सफलता प्राप्त हुई। उपेंद्र तिवारी अभी भी क्षेत्र में लगातार बने हुए हैं। उपेंद्र तिवारी प्रति वर्ष खरमास में विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा कर लोगों का हालचाल लेते हैं और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाते हैं।

डा. सुषमा शेखर

देश के प्रधानमंत्री रहे चंद्रशेखर की छोटी पुत्रवधू डा. सुषमा शेखर पिछले दो लोकसभा चुनावों से अपने पति राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के लिए क्षेत्र में उपलब्ध रहीं हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में हालांकि उनके पति भाजपा उम्मीदवार नीरज शेखर को हार का सामना करना पड़ा पर डा. सुषमा शेखर ने लोगों खासकर महिलाओं का दिल जीत लिया। विधानसभा फेफना को लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने अधिक तरजीह दी और अब वो इसी क्षेत्र में जमी हुईं हैं।

पं. राजीव उपाध्याय

जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेता पं राजीव उपाध्याय के परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि शुरू से बहुत मजबूत रही है। पं.जनपद ही नहीं पूर्वांचल भर के ब्राह्मण समाज में बहुत मजबूत पकड़ रखने वाले पं. गोरखनाथ उपाध्याय के पुत्र हैं। हालांकि उपाध्याय का परिवार शुरू से कांग्रेस की सेवा में रहा है। पं. राजीव उपाध्याय ने भी कांग्रेस की मजबूत राजनीति की है। वह विधानसभा और लोकसभा का चुनाव भी लड़े हैं। लंबे समय से वह भाजपा की सेवा में हैं। विधानसभा फेफना के सरयां भरौली के निवासी पं. राजीव उपाध्याय विधानसभा ही नहीं जनपद के सभी लोगों के दिलों में बसे हैं और इस बार विधानसभा क्षेत्र फेफाना से भाजपा ध्वज उठा चुनाव लड़ना चाह रहे हैं।