
शशिकांत ओझा
बलिया : विहान विद्यापीठ में क्रिसमस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं उल्लास के वातावरण में मनाया गया। क्रिसमस से एक दिन पूर्व विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांता क्लॉज़ का रूप धारण कर पूरे विद्यालय परिसर को खुशियों से सराबोर कर दिया। बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रबंध समिति के सदस्य पंकज उपाध्याय ने अपने संबोधन में क्रिसमस पर्व के माध्यम से साहचर्य, प्रेम, सेवा और आपसी भाईचारे के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं संस्था के प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय ने इस पर्व की सामाजिक, नैतिक एवं मानवीय मूल्यों से जुड़ी महत्ता को सरल शब्दों में समझाया। विद्यालय के चेयरमैन प्रमोद उपाध्याय ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के जीवन में सांता क्लॉज़ की तरह खुशियाँ, सद्भाव और सकारात्मकता बनी रहे ऐसी शुभकामनाएँ प्रकट की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सीके सिंह ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा कहा कि समन्वयक सुश्री दिव्या के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि बच्चे क्रिसमस पर्व के वास्तविक संदेश प्रेम, सेवा और मानवता को सही रूप में समझ सके। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर आनंद, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।




