शशिकांत ओझा
बलिया : कोतवाली क्षेत्र के असेगा गांव के समीप ईट भट्ठे के पास एक तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। चिकित्सकों नें शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया।

नगर पंचायत बांसडीह के वार्ड नं. 11 निवासी अवनीश चौरसिया (32) पुत्र महेश चौरसिया बेरुआरबारी की ओर से बाइक से अपने घर आ रहा था। असेगा मोड़ से सटे ईट भट्ठे के पास अचानक बाइक असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गयी। इस घटना में वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। तेज आवाज होने से आसपास के लोगो ने इसकी सूचना एम्बुलेंस को दिया। एंबुलेंस द्वारा घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेरुआरबारी पहुंचाया गया।
पहुंचाने के साथ ही उसके पैकेट से मिले मोबाइल फोन के जरिये घटना की सूचना परिजनों को दी गई। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक की एक वर्ष की अबोध पुत्री है। वहीं मृतक की पत्नी का रोते रोते बुरा हाल है।