बलिया राज्य

तीन जिलों के कलेक्टर सहित 18 आईएएस अधिकारियों का तबादला

-मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के कलेक्टर बदले गए, सहारनपुर मंडल के कमिश्नर भी

बलिया : रविवार की देर रात उत्तर प्रदेश सरकार ने 18 आइएएस अधिकारियों का तबादला किया। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर सहित मुजफ्फरनगर व अलीगढ़ के जिलाधिकारी बदले गए वहीं सहारनपुर मंडल के कमिश्नर भी।
महानिदेशक (स्कूल शिक्षा, सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक), निदेशक (मध्याह्न भोजन प्राधिकरण और विशेष सचिव बेसिक शिक्षा) विजय किरन आनंद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर का डीएम बनाया गया है। सचिव बेसिक शिक्षा अनामिका सिंह को महानिदेशक स्कूल शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, अलीगढ़ के डीएम चंद्रभूषण सिंह को मुजफ्फरनगर का डीएम बनाया गया है। मुजफ्फरनगर की डीएम सेल्वा कुमारी जे. को बतौर डीएम अलीगढ़ भेजा गया है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद पोस्टिंग का इंतजार कर रहे लोकेश एम. सहारनपुर के नए कमिश्नर बनाये गए हैं। एवी.राजामौलि आयुक्त खाद्य एवं रसद होंगे। आयुक्त खाद्य एवं रसद मनीष चौहान को सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के पद पर भेजा गया है। कानपुर नगर निगम के नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह पद जिलाधिकारी लखनऊ अभिषेक प्रकाश के पास था।