

-विधानसभा चुनाव प्रचार
-गांधी इंटर कॉलेज में बोले कार्यकर्ताओं से बोले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष
-कहा पार्टी के उम्मीदवार को जितांए भाजपा की ताकत कार्यकर्ता समुदाय ही
-राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने भी संजय यादव की जमकर की तारीफ


बलिया : विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह बलिया जिले की सिकंंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में मोर्चा संभाला। विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन किया और उम्मीदवार संजय यादव के लिए टैंपो हाई किया। सपा पर हमला करते हुए भाजपा की उपलब्धि और नितियों पर प्रकाश डाला।

गांधी इंटर कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद सभी बूथ अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों सहित सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप ही में से कोई न कोई आगे चलकर पार्टी का बड़ा पदाधिकारी बनता है। विधायक बनता है। सांसद बनता है। मंत्री बनता है। हमारा सारा सम्मान आप जैसे प्रभारियों से ही है। मंडल अध्यक्ष सेक्टर प्रभारी हो चाहे कोई प्रभारी हो वही कल का प्रदेश अध्यक्ष है। कार्यकर्ता मेरे लिए भगवान है। आज हमें गर्व है कि हम एक ऐसे पार्टी के सदस्य हैं जहां पर एक एक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का सम्मान होता है। उन्होंने यूक्रेन और रूस के बीच छिड़े युद्ध की चर्चा करते हुए कहा कि आज दोनों देश आपस में भिड़े हैं और आपके देश से गिड़गिड़ा रहे हैं कि समझौता करा दो। आपके देश को नई दिशा देने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसी शख्सियत है जिसकी पहचान अलग बन रही है।



उन्होंने कहा कि इस विधानसभा के चुनाव में एक बार फिर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाना है, जिससे कि गुंडे और माफिया जेल के अंदर ही कैद रहे। उन्होंने 3 मार्च को विधायक और प्रत्याशी संजय यादव के पक्ष में वोट कर भारी मतों से जिताने का अपील किया। कार्यकर्ता सम्मेलन को नीरज शेखर राज्य सभा सांसद, राज धारी सिंह पूर्व मंत्री, ब्लाक प्रमुख केशव चौधरी, सत्येंद्र राजभर, संजय जायसवाल, सीपी सिंह, कमलेश सिंह आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता गणेश सोनी व संचालन प्रयाग चौहान ने किया।

