उत्तर प्रदेश बलिया राजनीति राज्य

विधायक हुए पैदल, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री पर भाजपा ने जताया विश्वास

-विधानसभा चुनाव 2022
-अभी जल्दी ही बसपा छोड़ भाजपा की सदस्यता ली थी छट्ठू राम ने

बलिया : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बलिया की सुरक्षित विधानसभा बेल्थरारोड से वर्तमान विधायक धनंजय कन्नौजिया को पैदल करते हुए बसपा छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री छट्ठू राम में आस्था जताते हुए टिकट दे दिया है। छट्ठू राम के टिकट से लोगों में प्रसन्नता का माहौल है। छट्ठू राम विधानसभा का चुनाव पहली बार लड़ेंगे।

भाजपा ने पिछले चुनाव में अंतिम दौर पर धनंजय कन्नौजिया को टिकट देकर सबको आश्चर्य चकित कर दिया था। बहुत से लोग उनको जानते नहीं थे। मोदी की लहर में तिलक उनके ललाट पर लग गया और वे सुरक्षित सीट से विधायक हो गए। धनंजय निर्वाचित होने के बाद भी पब्लिक से दूर वैसे ही रहे जैसा चुनाव से पहले थे। उनके बेल्थरा आवास पर उनके पिताजी लोगों से मिलने जुलने लगे। जनता ने उन्हें नकारना शुरू किया।

इधर मोदी और योगी की देशभक्ति को देख बसपा नेता छट्ठू राम ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और क्षेत्र में लोगों का दुख सुख समझने लगे। जैसे छट्ठू राम ने भाजपा में निष्ठा प्रकट की वैसे ही पार्टी ने निष्ठा जताते हुए उन्हें मिशन 2022 का सदस्य बनने का मौका देते हुए टिकट प्रदान कर दिया। अब सपा बसपा कांग्रेस किसको उम्मीदवार बनाती है और परिणाम क्या होगा इसके लिए दस मार्च की प्रतिक्षा करनी होगी। छट्ठू राम को विश्वास है कि बेल्थरारोड की जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा।