अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

सनबीम स्कूल बलिया : सम्मान पाकर खिल उठे मेधावियों के चेहरे

-13वां स्थापना दिवस
-गोरखपुर विश्वविद्यालय के डीन विज्ञान संकाय प्रो एनबी सिंह रहे आयोजन के मुख्य अतिथि

शशिकांत ओझा

 

बलिया : जनपद के अगरसंडा स्थित सनबीम स्कूल के 13वें स्थापना दिवस के अवसर पर नमन हाल में प्रोत्साहन- वार्षिक पुरस्कार वितरण सत्र का आयोजन किया गया। अतिथियों के हाथों सम्मान पा मेधावियों के चेहरे खिल उठे। आयोजन के मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय में डीन विज्ञान संकाय प्रो एनबी सिंह रहे। सनबीम स्कूल के निदेशक डा. अरुण सिंह गामा और प्रिंसिपल डा. अर्पिता सिंह ने अतिथियों का सम्मान किया।


कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। उसके पश्चात बच्चों ने वाद्य यंत्रों के संयोजन संग तारारमपमपम के सुमधुर स्वर में स्वागत गान प्रस्तुत किया। निश्चित अंतराल पर नन्हे बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। वार्षिक पुरस्कार वितरण में विभिन्न कक्षा वर्गों में प्रथम स्थान अर्जित करने और शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले मेधावियों को मुख्य अतिथि प्रोफेसर एनबी सिंह और पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह, मायरा फाउंडेशन के संस्थापक डॉ मनीष झा ने प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बच्चों के साथ में उनके अभिभावक भी मौजूद थे जिनके मुखमंडल पर अपने लाडले की उपलब्धि पर मुस्कान अंगड़ाइयां ले रही थी। विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्था से गदगद मुख्य अतिथि प्रोफेसर एनबी सिंह ने प्रतिभाओं की उपलब्धि के निमित्त बधाइयां देते हुए कहा कि शीर्ष को स्पर्श करना अत्यंत सुखद अनुभूति कराता है। उन्होंने इनोवेशन व एक समान शिक्षा पर बल दिया। शीर्ष स्थान की निरंतरता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अमेरिका व भारत के विकास का भी उदाहरण दिया। प्रो. सिंह ने बच्चों के प्रश्नों का समुचित उत्तर भी दिया। विद्यालय के अध्यक्ष संजय पांडेय व सचिव अरुण सिंह ने अपने संदेश में बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह गामा ने विद्यालय की प्रगति व बच्चों की उपलब्धि में अभिभावकों के योगदान की प्रशंसा करते हुए मेधावियों की कर्मठता और शिक्षकों के परिश्रम को आकंठ सराहा। उन्होंने बताया कि 12 वर्ष पूर्व इस विद्यालय की प्रतिष्ठापना की गई थी। इसने नित नवीनता के साथ परिश्रम द्वारा मानक के समस्त उच्चतम बिंदुओं को स्पर्श किया है। सफलता की शीर्ष क्रम को बनाये रख जनपद में एनसीसी संग अपने सर्वाधिक क्रियाकलापों के निमित्त भी प्रख्यात है। कहा कि बच्चों को इन अतिथियों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने होनहारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि आप लोगों की उपलब्धि हमें गर्व का अनुभूति कराती है। अनवरत किए गए परिश्रम का प्रतिफल अवश्य मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। मौके पर प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी, ग्लोबल कोऑर्डिनेटर सहर बानो, हेडमिस्ट्रेस नीतू पांडेय, समन्वयकगण पंकज सिंह, जयप्रकाश यादव, रेनू दुबे, निधि सिंह, मीडिया प्रभारी व शिक्षक नवचंद्र तिवारी, एनसीसी प्रशिक्षकगण, खेल प्रशिक्षकगण संग समस्त शिक्षकगण आदि उपस्थित थे। संचालन तेजस्विनी व दीक्षा ने किया।