

-रेल की बेहतरीन सेवा
-प्रीमियम ब्रांडेड स्टोर प्रारंभ करने वाला उत्तर भारत का पहला स्टेशन बना बलिया
-स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

शशिकांत ओझा
बलिया : रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, बलिया रेलवे स्टेशन प्रीमियम ब्रांडेड स्टोर प्रारम्भ करने वाला उत्तर भारत का पहला स्टेशन मंगलवार को बन गया। बलिया रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांडेड परिधानों के स्टोर का विधिवत शुभारंभ हो गया।

स्टेशन परिसर में स्थित एक पुराने प्रतीक्षालय के कम उपयोग वाले हिस्से की पहचान इस स्टोर के रूप में हुई। यह स्टोर यात्रियों को उन्नत सुख सुविधाएं प्रदान करने, स्टेशन की सुंदरता को बढ़ाने के साथ साथ स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले बलिया रेलवे स्टेशन पर एक प्रीमियम ब्रांडेड कपड़ों की (आउटलेट) दुकान शुरू हुई। यह सार्वजनिक निजी सहभागिता (पीपीपी) का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह प्रीमियम ब्रांडेड कपड़ों का आउटलेट गुणवत्तापूर्ण ब्रांडेड उत्पादों की सुविधा प्राप्त कराएगा। इससे यात्रियों के यात्रा अनुभव में आधुनिकता का समावेश होगा। यह पहल अमृत भारत स्टेशन योजना के उद्देश्यों के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, यात्री-केंद्रित तथा शहर के सक्रिय वाणिज्यिक केन्द्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बलिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। यह प्रीमियम ब्रांडेड रिटेल आउटलेट की शुरुआत स्टेशन को आधुनिक, जीवंत नगरीय केंद्र में बदलने की दिशा में एक और कदम है, जो बलिया स्टेशन के बुनियादी ढांचे के उन्नयन को बेहतर यात्री अनुभव के साथ जोड़ता है।









