
-मिशन 2024 लोकसभा चुनाव
-पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों की प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई बैठक
-बिहार सरकार के ग्राम्य विकास मंत्री श्रवण कुमार की रही मौजूदगी
-उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं जनता दल यूनाइटेड का लक्ष्य


शशिकांत ओझा
लखनऊ : मिशन 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी जनता दल (यू) के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर शनिवार को हुई। जिलाध्यक्षों की इस बैठक में प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार के ग्राम्य विकास मंत्री श्रवण कुमार ने “भाजपा हटाओ” का लक्ष्य दिया। प्रदेश में 25 लोकसभा सीटों को अपने पक्ष में करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया।

जनता दल (यू) के प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने 2024 के आम चुनाव के मद्देनजर पार्टी का उत्तर प्रदेश में लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। श्रवण कुमार ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से 25 सीटें जुटाने का लक्ष्य रखा है। बैठक में मुख्य अतिथि के रुप में श्रवण कुमार कैबिनेट मंत्री बिहार सरकार एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रविंद्र प्रसाद सिंह सदस्य बिहार विधान परिषद सहप्रभारी उत्तर प्रदेश उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश संयोजक सत्येंद्र पटेल ने किया तथा प्रदेश महासचिव अवलेश सिंह ने अतिथियों को बुके दे कर स्वागत किया। बैठक में उपस्थित जिला अध्यक्षों से उनके जिले में अब तक किए गए संगठन के कार्य के विषय में जानकारी ली गई। बैठक को संबोधित करते हुए रविंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि संगठन विस्तार से सबसे महत्वपूर्ण कड़ी सदस्यता अभियान है। जिसके माध्यम से हम लोग पार्टी के विचारों एवं कार्यक्रमों को जनता के बीच ले जा सकते हैं। मुख्य अतिथि श्रवण कुमार ने कहा कि पूरे देश में जो राजनीतिक माहौल बना है, उसमें पूरे देश की बहुसंख्यक जनता हमारी पार्टी एवं बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ बहुत ही आशा भरी नजरों से देख रही है। हमारी पार्टी की नीतियों विचारों एवं बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यक्रमों से सभी लोग भलीभांति परिचित हैं।

हम लोगों को जनता के बीच जाकर अपनी बात कहने भर की देर है और लोग जुड़ते चले जाएंगे। प्रदेश महासचिव अवलेश सिंह ने कहा की प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत एवं सक्रिय करने के लिए प्रदेश को चार जोन में बांटा जाएगा और सह प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही ,प्रदेश मेँ अट्ठारह मंडल प्रभारी बहुत जल्द ही नियुक्ति कर दिये जायेंगे। जिला अध्यक्ष गणों की बैठक के पश्चात प्रदेश पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक इसी महीने में बुलाया जायेगा, जिससे पार्टी संगठन को प्रदेश में मजबूत करने करते हुए गति प्रदान की जा सके। बैठक का संचालन प्रदेश सचिव हरिशंकर पटेल ने किया।