
-बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र
-मिशन विधानसभा 2027 में बड़ा अहम होगा बलिया का यह चुनाव!
-क्षेत्र में बड़ा बेहतर संबंध है पूर्व विधायक का, सत्ताधारी दल को होगी चुनौती!

शशिकांत ओझा
बलिया : उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव 2027 में होना है। राजनीतिक दलों की तैयारी शुरू हो गयी है। सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने से पहले लाभ के सभी पैंतरे आजमाने से चूकना नहीं चाह रही। बात बलिया जनपद के बलिया नगर विधानसभा की करें तो यहां की बात ही कुछ और है। भारतीय जनता पार्टी के दयाशंकर सिंह यहां से विधायक हैं और प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री भी हैं। भाजपा उन्हें दोबारा अवश्य यहां से निर्वाचित कराना चाहेगी पर समाजवादी पार्टी भी इस यह सीट अपने खाते में करना चाहेगी। समाजवादी पार्टी की ओर से इस बार आधी आबादी की प्रतिनिधि पूर्व विधायक मंजू सिंह सपा से उम्मीदवार हो सकती हैं और सपा ने उन्हें उम्मीदवार बनाया तो भारतीय जनता पार्टी का हर पैंतरा विफल हो सकता है।

समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री पूर्व विधायक मंजू सिंह की क्षेत्र में एक अलग पहचान है। उनके बाबत यह कहा जाता है कि वह अपने लोगों के लिए 24 घंटे खड़ी रहती हैं। बलिया नगर की महिला मतदाताओं के दिलों पर बहुत दिनों से मंजू सिंह राज करतीं हैं। सामाजिक, पारिवारिक और राजनीतिक संपन्न परिवार भी मंजू सिंह की विरासत है। विधायक मंजू सिंह के पति मार्कंडेय सिंह भी विधायक रहे और जनता के लिए सदैव खड़े रहे। उनके निधन को लंबा समय हो गया पर आज भी जनता गाहे-बगाहे मार्कंडेय मार्कंडेय करती रहती है। विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा विधायक दयाशंकर सिंह के सामने सपा पूर्व विधायक मंजू सिंह को उतार सकती है और यदि हुआ तो बलिया नगर विधानसभा चुनाव में प्रदेश की एक हाट सीट बनेगी।



