

-गणतंत्र दिवस
-बतौर मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री ने ली परेड की सलामी
-उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित


शशिकांत ओझा
बलिया : पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य आयोजन में प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि झण्डारोहण किया और परेड की सलामी ली। परिवहन मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

आयोजित कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. रामविचार पाण्डेय को अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी अंगवस्त्रम भेंटकर कर सम्मानित किया। परिवहन मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन हम सबके लिए गौरव का दिन है। आज के दिन ही 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू हुआ था। देश को आजाद कराने के लिए अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं क्रांतिकारियों ने कुर्बानी दी। आजादी के बाद से देश ने सभी क्षेत्रों में विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सभी क्षेत्रों में विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है।

विदेशों में देश का नाम ऊंचा हुआ है। यह भारतीय संविधान की ही देन है कि देश आज तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। प्रदेश में अनेक एक्सप्रेस-वे एवं फोर-लेन सड़कों के निर्माण के साथ ही एयरपोर्ट आदि का निर्माण का हुआ है तथा अनेक सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था है। देश के हर कोने में उत्तर प्रदेश पुलिस की मिसाल दी जाती है। कहा कि जनपद बलिया में भी अनेक विकास के कार्य किए गए हैं/ किए जा रहे हैं। महाकुंभ प्रयागराज में आयोजित कैबिनेट बैठक में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा बलिया में राजकीय मेडिकल कॉलेज बनाने का निर्णय लिया गया है, शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर आरंभ हो जाएगा। जनपद में ग्रीनफील्ड निर्माणाधीन हैं। फोरलेन सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। बलिया को चारों तरफ से फोर लेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। भृगु कॉरिडोर का जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बलिया में जो विकास कार्य वर्षों से नहीं हुआ, उन विकास कार्यों को विगत 7-8 वर्षों में किया गया है तथा आगे भी अनेक विकास के कार्य कराए जाएंगे।

तीन महिला पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
गणतंत्र दिवस के अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पुलिस लाइन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं लैंगिक संवेदनशीलता के क्षेत्र मे बेहतर कार्य करने वाली तीन महिला पुलिसकर्मी अनिता प्रभारी निरीक्षक थाना खेजूरी, कल्पना मिश्रा थानाध्यक्ष महिला थाना व दुर्गावती देवी उनि महिला थाना को मोमेंटो व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी मो0 मुमताज उपस्थित रहे।