अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

सेनानी स्व. डा. योगेंद्र नाथ तिवारी की पौत्री शक्ति तिवारी का हुआ सम्मान

-अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस
-नगर पंचायत चितबड़ागांव के सभागार में आयोजित हुई संगोष्ठी
-वरिष्ठ भाजपा नेत्री पूर्व प्रधान स्मृति सिंह रहीं आयोजन की मुख्य अतिथि
-महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण पर दिया विशेष जोर

शशिकांत ओझा

बलिया : अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को नगर पंचायत चितबड़ागांव के सभागार में श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्मृति सिंह व चेयरमैन अमरजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सेनानी स्व. डा. योगेंद्र नाथ तिवारी की पौत्री परिषदीय शिक्षक शक्ति तिवारी को आयोजन में सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि स्मृति सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी परिवार, समाज और देश का समग्र विकास संभव हो सकेगा। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे चेयरमैन अमरजीत सिंह ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की प्रगति की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत सहित समाज के हर स्तर पर महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें समान अवसर देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर समाज निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, खेल और अन्य कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए परिवार और समाज से सकारात्मक सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। संगोष्ठी में उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी स्व डा. योगेंद्र नाथ तिवारी की पौत्री परिषदीय शिक्षक शक्ति तिवारी को सम्मानित किया गया। आयोजन में सभासद नविहन खातुन, सुनीता देवी, बिजुल देवी, डॉ. नेहा सिंह, शशिकला तिवारी, शक्ति तिवारी, दीप्ति सिंह, थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, डॉ. सतीश सिंह, तुषार नंद, शशिकांत ओझा, अवनेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम की संयोजक वंदना सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों का अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। अपने आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह संगोष्ठी महिलाओं के प्रति सम्मान, जागरूकता और सशक्तिकरण का संदेश देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, वक्ताओं तथा उपस्थित लोगों के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन अमरजीत सिंह व संचालन आनंद मिश्रा ने किया।