

-स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत
-रेवती को रेल मंत्रालय ने कर दिया था हाल्ट स्टेशन, स्थानीय लोग थे नाराज

शशिकांत ओझा
बलिया : भारत सरकार के रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की मांग को स्वीकार करते हुए रेवती रेलवे स्टेशन का पुराना दर्जा बहाल कर दिया है। रेवती का हाल्ट दर्जा समाप्त कर पुराना दर्जा ब्लाक स्टेशन बहाल कर दिया है। रेलमंत्री ने उक्त आशय की जानकारी स्वयं पत्र लिखकर राज्यसभा सांसद को दी है।



रेवती रेलवे स्टेशन को रेल मंत्रालय ने हाल्ट स्टेशन में तब्दील कर दिया था। स्थानीय लोगों को रेल मंत्रालय के इस निर्णय से बड़ी नाराजगी थी और लोग आंदोलनरत भी थे। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने सदन में इस विषय को उठाया था और रेलमंत्री को पत्रक देकर मांग भी किया था। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा सांसद नीरज शेखर को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि आपकी मांग को स्वीकार करते हुए रेवती रेलवे स्टेशन के हाल्ट दर्जा को समाप्त कर ब्लाक दर्जा (पुराना दर्जा) बहाल करने का आदेश दिया गया है। रेवती रेलवे स्टेशन का पुराना दर्जा बहाल होगा।







