
-शिष्टाचार मुलाकात
-संत का सान्निध्य, आध्यात्मिक चिंतन और आत्मीय संवाद के बीच राजनीतिक चर्चाओं ने भी पकड़ा जोर

शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद के रसड़ा स्थित प्रसिद्ध श्रीनाथ बाबा मठ में गुरुवार को आध्यात्मिक वातावरण के बीच एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकात देखने को मिली। विधानसभा फेफना के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री नारद राय ने पूज्य महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं सान्निध्य प्राप्त किया।


इस दौरान दोनों के बीच आध्यात्मिक चिंतन, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक विषयों पर आत्मीय संवाद हुआ। संत-महात्माओं के मार्गदर्शन और समाज में आध्यात्मिक चेतना के महत्व पर भी चर्चा हुई। हालांकि यह मुलाकात शिष्टाचार एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से हुई, लेकिन नारद राय और महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि जी महाराज की इस भेंट को लेकर जनपद के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

आध्यात्मिक संवाद के साथ समसामयिक राजनीतिक विषयों पर हुई चर्चा को लेकर लोग अपने-अपने कयास लगा रहे हैं। खासकर मिशन विधानसभा 2027 की तैयारियों और फेफना विधानसभा की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता देखी जा रही है। हालांकि इस भेंट के राजनीतिक मायने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल, श्रीनाथ बाबा मठ में हुई यह मुलाकात जनपद के सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। मुलाकात के दौरान पूर्व मंत्री नारद राय संग पूर्व ब्लाक प्रमुख दिनेश पाठक भी दिखे।


