अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

सपा के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने दीपावली पर दी शुभकामना, भाजपा सरकार पर साधा तीखा निशाना

-प्रेस कांफ्रेंस
-बोले चंदा चोरी करने वालों को यूपी की जनता देगी करारा जवाब
-कथावाचक बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री पर भी प्रतिबंध लगाने की उठाई मांग

शशिकांत ओझा


बलिया : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने दीपावली के पावन पर्व पर मीडिया के माध्यम से जनपदवासियों सहित प्रदेश और देश के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने जहां दीपावली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर अपनी बात रखी, वहीं केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।

अवलेश सिंह ने भाजपा सरकारों की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब सरकार के दावों और हकीकत के बीच का अंतर समझ चुकी है। उन्होंने तीखे राजनीतिक अंदाज में कहा कि चंदा चोरी करने वालों को उत्तर प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में करारा जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और भाजपा को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी तीखा हमला बोला।

उनके बयानों और गतिविधियों पर आपत्ति जताते हुए अवलेश सिंह ने कहा कि ऐसे लोगों पर केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्री कृष्ण किसी एक दल, संगठन या व्यक्ति की संपत्ति नहीं हैं। जो लोग भगवान राम और भगवान कृष्ण को बांटने का प्रयास करते हैं, उनका समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। धर्म और आस्था के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती। सपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने दीपावली को प्रेम, प्रकाश, सद्भाव और खुशियों का पर्व बताते हुए सभी से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक लड़ाई को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।