अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

विधानसभा फेफना में पूर्व मंत्री नारद राय के प्रयासों को मिली रफ्तार

बिजली विभाग की सौगात
-बनरही और उजियार में नए 33/11 बिजली उपकेंद्रों की कवायद तेज
-पूर्व मंत्री ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को दिया धन्यवाद जताया आभार
-दो प्रस्तावित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए मांगा गया प्राक्कलन


शशिकांत ओझा


बलिया : फेफना विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। विधानसभा फेफना के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री नारद राय के प्रयासों के बाद बनरही एवं उजियार में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया को गति मिलती दिखाई दे रही है।


विद्युत विभाग के आधिकारिक पत्राचार के अनुसार, विद्युत वितरण खंड-बलिया नगर के क्षेत्रांतर्गत विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनरही और उजियार में दो नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए संबंधित निर्माण कार्यों के प्राक्कलन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पत्र में 132 केवी विद्युत उपकेंद्र बलिया एवं चितबड़ागांव से एक-एक अतिरिक्त ‘बे’ के निर्माण से संबंधित प्राक्कलन उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि नए उपकेंद्रों के निर्माण से जुड़ी अग्रिम कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।

एक अन्य पत्र में विद्युत तंत्र, भवन, स्विचयार्ड सहित आवश्यक निर्माण कार्यों के प्राक्कलन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा गया है। इससे क्षेत्र में बिजली के बढ़ते भार को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विद्युत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में गंभीर पहल मानी जा रही है। पूर्व मंत्री नारद राय ने इस पहल को फेफना विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने इस दिशा में सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बनरही, उजियार और आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बेहतर, सुचारु और अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।