अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

बलिया के दो शिक्षकों को विद्यालयी खेल जगत में फिर मिली बड़ी उपलब्धि

-बड़ी उपलब्धि
-करिश्मा वार्ष्णेय और अजीत सिंह बाबू बने प्रदेश बालिका क्रिकेट टीम के चयनकर्ता
-बलिया के दो शिक्षकों को अहम जिम्मेदारी मिलना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात

शशिकांत ओझा

बलिया : जनपद बलिया के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि एक बार फिर सामने आई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित होने वाली विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिताओं के तहत करिश्मा वार्ष्णेय और अजीत सिंह बाबू को उत्तर प्रदेश की बालिका क्रिकेट टीम के चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों शिक्षकों को चयनकर्ता बनाए जाने से जनपद में खुशी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजीत सिंह बाबू अंडर-19 वर्ग के चयनकर्ता तो करिश्मा वार्ष्णेय अंडर-17 वर्ग की चयनकर्ता बनाई गईं हैं। दोनों चयनकर्ता मुरादाबाद में आयोजित होने वाली चयन प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाते हुए प्रदेश टीम का चयन करेंगे। यहां प्रदेश के सभी मंडलों की टीमें सहभागिता करेंगी, जिनमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा। अजीत सिंह बाबू बलिया के झामपुर स्थित कमरिया बाबा उमा विद्यालय में अध्यापक हैं। करिश्मा वार्ष्णेय श्री शिव प्रसाद गुप्त इंटर कॉलेज, टीका देवरी नगपुरा में फिजीकल एजुकेशन टीचर हैं। विद्यालयी शिक्षा से जुड़े इन दोनों शिक्षकों को प्रदेश स्तर पर पुनः चयन की जिम्मेदारी मिलना जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। विद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे में प्रदेश की टीम के चयन में दोनों शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इस उपलब्धि से बलिया में खेल गतिविधियों और विद्यालयी क्रिकेट को लेकर उत्साह बढ़ने की उम्मीद है। बलिया के लिए यह उपलब्धि न केवल गौरव का विषय है, बल्कि विद्यालयी खेलों से जुड़े शिक्षकों की प्रदेश स्तर पर भागीदारी को भी रेखांकित करती है।