
-राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता
-रोमांचक मुकाबले में मेजबान टीम ने गुजरात को दी 1-0 से मात
-शुक्रवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा खिताबी मुकाबला


शशिकांत ओझा
बलिया : स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन प्री क्वाटर एवं क्वाटर फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर 17 आयु वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश की बालक टीम ने गुजरात को बेहद रोमांचक मुकाबले में 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। पहले सेमीफाइनल में मेजबान टीम का सामना पश्चिम बंगाल से होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल पंजाब व झारखंड के मध्य खेला जाएगा।

बृहस्पतिवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश टीम के लिए मैच के 27वें मिनट में रहमान ने बेहतरीन गोल किया। बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात के खिलाड़ियों ने भी कड़ा संघर्ष किया, लेकिन उत्तर प्रदेश की रक्षा पंक्ति को भेदने में कामयाब नहीं हो सके। नतीजतन उत्तर प्रदेश ने मुकाबले को 1-0 से जीत कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

उक्त मुकाबले में संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉ राजेश आर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके पूर्व पहले क्वाटर फाइनल में पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को 2-0 से पराजित किया था। वहीं तीसरे क्वाटर फाइनल में पंजाब ने केंद्रीय विद्यालय को 3-0 व आखिरी क्वाटर फाइनल में झारखंड ने असम को 4-1 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इसके पूर्व प्री क्वाटर फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने लक्षदीप को 1-0, दिल्ली ने छत्तीसगढ़ को 3-0, उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु को 4-0, गुजरात ने केरल को 5-4, पंजाब ने आईएसएसओ को 2-0, केंद्रीय विद्यालय ने उत्तराखंड को 2-0, झारखंड ने सीआईएससीई को 3-0 व असम ने बिहार को 3-1 से पराजित कर क्वाटर फाइनल में जगह बनाई थी। क्वाटर फाइनल मुकाबले दोपहर बाद खेले गए। शुक्रवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल (उत्तर प्रदेश बनाम पश्चिम बंगाल) वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में तथा दूसरा सेमीफाइनल मिनी स्टेडियम शेर में आयोजित होगा। वहीं खिताबी फाइनल मुकाबला वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 11 बजे खेला जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अमल कुंवर, मोहम्मद गयासुद्दीन, अजय यादव, मेहरुद्दीन, शनि कुमार, सौरभ कुमार, अजीत सिंह, चंद्रकांत राय, राजू कुमार, मोहम्मद अशफाक, संजय साहनी, धर्मवीर प्रजापति, रवि शर्मा, हाजी मुनव्वर, मनोज तिवारी, उपेंद्र शुक्ला, नवनीत व विशाल कुमार आदि ने निभाई। इस क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, सह समन्वयक अरविंद कुमार सिंह, पंकज सिंह, फील्ड ऑफिसर द्रोणवीर सिंह यादव, मोहम्मद नईम अहमद, टेक्निकल डायरेक्टर अश्विनी यादव, दुर्गविजय सिंह, शिवाशंकर सिंह, भूपेश सिंह, रामजनम, अबरार अहमद, मोहम्मद दानिश, शशि प्रकाश राय, अनुज सिंह, प्रवेंद्र यादव, दिलीप राय, पवन आर्य, पंकज यादव, रामप्रकाश, सत्यप्रकाश, अनूप राय, सुनील चौरसिया, प्रवीण राय, सचिन कुमार, शमशाद खान, सच्चिदानंद राय, अजय राज सिंह आदि उपस्थित रहे।




