
-आध्यात्मिक बड़ा आयोजन
-विधायक केतकी सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुआ पूजन,
-भूमि पूजन व हनुमान ध्वज स्थापना, पंडाल निर्माण कार्य शुरू

शशिकांत ओझा
बलिया : विधानसभा क्षेत्र बांसडीह अंतर्गत अमरनाथ मंदिर प्रांगण करिहरा में आगामी 22 जून से होने वाली पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय रामकथा के आयोजन हेतु शुक्रवार को विधि-विधान से भूमि पूजन एवं हनुमान जी के ध्वज की स्थापना हुई । विधायक केतकी सिंह की मौजूदगी में पूजन के पश्चात भव्य पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ भी हुआ। समस्त धार्मिक अनुष्ठान विद्वान पंडित चैतन्य जी महाराज के सान्निध्य एवं देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ।

भूमि पूजन और ध्वज स्थापना का पुण्य कार्य विधायक केतकी सिंह एवं उनके पति संत स्वरूप सिंह “गुड्डू” द्वारा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में सहभागिता की और भगवान श्रीराम तथा हनुमान जी के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम के उपरांत वहां मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 22 जून से प्रारंभ होने वाली संगीतमय रामकथा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे कथा का भरपूर लाभ प्राप्त कर सकें। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा कथा स्थल पर प्रतिदिन तैयारियों का सिलसिला जारी है।


