


-आयोजन का तीसरा दिन
-सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त रहे मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल भी पहुंची
शशिकांत ओझा
बलिया : जनपदवासियों के लिए खुशी की बात है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिनी सुरहाताल पक्षी महोत्सव को अब 15 जनवरी तक अनवरत कर दिया गया है। आयोजन के तीसरे दिन भी बहुत भीड़ रही। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त और जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल भी पहुंची। तीसरे दिन भी लोगों ने महोत्सव का खूब आनंद उठाया।



जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल सुरहा ताल पक्षी महोत्सव के तीसरे दिन भी कार्यक्रम को देखने के लिए मुख्य अतिथि सांसद विरेंद्र सिंह मस्त के साथ उपस्थित हुईं। जिलाधिकारी ने लखनऊ विश्वविद्यालय से आए हुए पक्षी विशेषज्ञ अमिता कन्नौजिया को धन्यवाद दिया कि वे महोत्सव में आए और अपने अनुभवों से लोगों को जागरूक किया । कहा कि सब लोग जानते हैं कि सुरहा ताल बलिया की धरोहर है। इस धरोहर में हम सब लोग शामिल है इसलिए इस धरोहर को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है । इसमें पर्यावरण भी आता है। सुरहा ताल पक्षी महोत्सव इस उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है कि पर्यावरण को कैसे सुरक्षित रखा जाए और अपने आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण के बारे में कैसे जागरूक किया जाए। महोत्सव में सैलानियों की भीड़ को देखते हुए महोत्सव को 15 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमें बहुत खुशी हो रही है कि सुरहा ताल के अस्तित्व को बचाने के लिए हम लोगों ने जो परिकल्पना की थी वह साकार हो रही है। जिस प्रकार से लोग लगातार यहां पर आ रहे हैं और नौकायान का आनंद ले रहे हैं उससे सुरहा ताल का महत्व बढ़ेगा और न केवल जनपद में बल्कि देश में इसकी पहचान बढ़ेगी और इससे जुड़े हुए मछुआ समुदाय के लोगों की आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथ ही इस क्षेत्र का भी विकास होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह महोत्सव कुछ दिनों में भले ही समाप्त हो जाएगा परंतु यहां पर जो भी प्रशासन के द्वारा संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं वह लगे रहेंगे और यहां पर घूमने फिरने के लिए आने वाले लोग इस का आनंद लेते रहेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि बलिया में यदि कहीं स्वर्ग है तो वह सुरहा ताल है। जिलाधिकारी ने बसंतपुर ग्राम पंचायत के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासन के एक आवाहन पर सुरहा ताल को सजाने संवारने और उस को विकसित करने में भरपूर सहयोग दिया।

सुरहा ताल पक्षी महोत्सव में हुआ नौकायन प्रतियोगिता
सुरहा ताल पक्षी महोत्सव के तीसरे दिन नौकायन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें प्रथम स्थान राजेंद्र साहनी, द्वितीय स्थान भगवान साहनी और तृतीय स्थान कृष्णा साहनी ने प्राप्त किया। इन तीनों को जिलाधिकारी और सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने पुरस्कृत किया।
