
-विधायक की प्रेसवार्ता
-मोदी सरकार के नौ साल पुरे होने पर भाजपा विधायक ने बताई उपलब्धि

शशिकांत ओझा
बलिया : केन्द्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर विधायक केतकी सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। विधायक ने सुखपुरा में प्रेस कांफ्रेंस किया। सुखपुरा पब्लिक कान्वेंट स्कूल में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को पूरी दुनिया अपना रही है।

विधायक ने कहा मोदी युग में देश की राजनीति में परिवर्तन आया है। जातिवाद, शोषण व गुंडागर्दी को खत्म किया गया है। इसके पहले देश में परिवारवाद था। पीएम मोदी ने देश में एक माहौल बनाया है। जिससे साधारण लोक कार्यकर्ता को भी राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि मोदी ने पिछले नौ सालों में सरकार को गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया जाता था लेकिन गरीबी नहीं हटती थी। कोरोना काल में भारत की तरफ दुनिया देखती थी। पीएम मोदी ने कोरोना से देश को बचाया। पूरी दुनिया ने कोरोना को लेकर उठाए गए भारत के कदमों को अपनाया है। दुनिया ने देखा कि किस तरह से 140 करोड़ लोगों को समय के अंदर दो डोज लगवाया गया।

कोरोना के समय से 80 करोड़ परिवारों को राशन दिया जा रहा है। इसमें कहीं कोई भेद नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता भी सबकी सेवा में लगे रहे। बीते नौ सालों में कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने में सहयोग किया। पीएम स्वनिधि योजना से गरीबों के जीवन में उजाला आया है। वर्तमान में दुनिया भर में महंगाई है। लेकिन भारत में महंगाई नहीं है। यहां पर महंगाई दर महज 6.3 प्रतिशत है। क्योंकि पीएम ने सभी के लिए कार्य किया। सबका साथ लेकर काम किया। न लिंग भेद किया, न जाती भेद किया और न धर्म भेद किया। उन्होंने महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाया। पीएम गरीब के बेटे हैं। उन्हें गरीब का दर्द मालूम है। उन्होंने उज्ज्वला योजना के जरिए फ्री गैस सिलेंडर दिया। जिसमें अकेले एक करोड़ 75 लाख यूपी में दिया गया है। आजादी के बाद आज तक बिजली कनेक्शन नहीं था। 75 लाख बिजली कनेक्शन यूपी में दिया गया है। हमारी सरकार ने देश में पेयजल संकट दूर किया।

उत्तर प्रदेश में ही नल जल योजना के माध्यम से एक करोड़ आठ लाख घरों में पीने का जल पहुंचाया गया। पीएम ने असंगठित मजदूरों को भी काम का बेहरर माहौल दिया। आठ करोड़ तीस लाख जॉब कार्ड सिर्फ उत्तर प्रदेश में दिया गया है। यही वजह है कि अब बड़े शहरों में प्लायन नहीं होता। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो 54 करोड़ रुपये के विकासकार्यों की सौगात मिली है। कहा कि हमारी प्राथमिकता क्षेत्र को बाढ़ से मुक्ति दिलाने के साथ ही बालिका शिक्षा को और सुदृढ़ बनाने के साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की है। इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष प्रमोद सिंह भी उपस्थित रहे।